फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Women's World Cup: 'कैप्टन कूल' बनना चाहती हैं PAK कप्तान फातिमा, धोनी की तरह ही नेतृत्व करने का है सपना

Wed, 03 Sep 2025 03:45 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

सार

फातिमा ने कहा, 'विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी करना थोड़ा नर्वस करने वाला है, लेकिन मैं महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हूं। मैंने उनके भारत के कप्तान रहते हुए और आईपीएल के मैच देखे हैं।'
विज्ञापन
फातिमा सना - फोटो : @imfatimasana
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान फातिमा सना आगामी आईसीसी वनडे विश्व कप में अपने देश का नेतृत्व करेंगी। मात्र 23 वर्ष की उम्र में कप्तानी का जिम्मा संभालने वाली फातिमा भारत के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी से बेहद प्रभावित हैं और उनकी तरह ‘कैप्टन कूल’ बनने की ख्वाहिश रखती हैं। पाकिस्तानी टीम ने अप्रैल में खेले गए क्वालीफायर्स में अपराजेय रहते हुए विश्व कप में जगह बनाई थी। टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में 30 सितंबर से दो नवंबर तक खेला जाएगा और पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत दो अक्टूबर को कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ करेगा।
विज्ञापन

धोनी से मिली कप्तानी की प्रेरणा
फातिमा ने लाहौर से न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा, 'विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी करना थोड़ा नर्वस करने वाला है, लेकिन मैं महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हूं। मैंने उनके भारत के कप्तान रहते हुए और आईपीएल के मैच देखे हैं। जिस तरह वह शांत रहते हैं, फैसले लेते हैं और खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं, उससे बहुत कुछ सीखने को मिला। जब मुझे कप्तानी मिली थी, तभी मैंने सोचा था कि धोनी की तरह बनना है।'

फातिमा सना - फोटो : @imfatimasana
विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने का लक्ष्य
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान महिला क्रिकेट की भावी दिशा इस विश्व कप से तय हो सकती है। फातिमा ने कहा, 'इस बार यकीनन यह मिथक टूटेगा क्योंकि युवा खिलाड़ियों को पता है कि पाकिस्तान महिला क्रिकेट के लिए यह टूर्नामेंट कितना अहम है। हम अतीत पर नहीं, आगे बढ़ने पर ध्यान देंगे। मेरा लक्ष्य टीम को सेमीफाइनल तक ले जाना है।'

महिला क्रिकेट को करियर विकल्प बनाने की चुनौती
फातिमा का मानना है कि पाकिस्तान में महिला क्रिकेट को अब ज्यादा समर्थन मिलने लगा है। उन्होंने कहा, 'अब लड़कियां स्कूलों में क्रिकेट खेल रही हैं और मैचों का सीधा प्रसारण भी हो रहा है। आईसीसी ने पुरस्कार राशि बढ़ाकर अच्छा कदम उठाया है। लेकिन पाकिस्तान में अभी भी महिला क्रिकेट को करियर विकल्प की तरह नहीं देखा जाता। अगर हम अच्छा खेलते हैं, तो हालात बदल सकते हैं और माता-पिता अपनी बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित होंगे।'

भारतीय महिला क्रिकेट टीम - फोटो : BCCI Women Twitter
ऑस्ट्रेलिया को दावेदार बताया, भारत के प्रदर्शन की तारीफ
हरफनमौला खिलाड़ी फातिमा अब तक 34 वनडे में 397 रन और 45 विकेट ले चुकी हैं। उनका मानना है कि टीम की ताकत गेंदबाजी, खासकर स्पिनरों में है। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी पर भी पिछले एक साल में काफी काम हुआ है। टीम टूर्नामेंट से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे खेलकर संयोजन तैयार करेगी। ऑस्ट्रेलिया को फातिमा ने खिताब की प्रबल दावेदार बताया, वहीं भारत के प्रदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मेरी पसंदीदा टीम ऑस्ट्रेलिया है। शीर्ष चार का अनुमान लगाना मुश्किल है, लेकिन भारत का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। उनके पास जेमिमा, स्मृति और हरमनप्रीत जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं। हालांकि मेजबान होने के नाते उन पर दबाव भी रहेगा।'
विज्ञापन

पिता की प्रेरणा और क्रिकेट का सफर
कराची की गलियों से क्रिकेट शुरू करने वाली फातिमा बचपन से ऑस्ट्रेलियाई स्टार एलिसे पैरी और भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को पसंद करती रही हैं। उन्होंने कहा कि पिता की प्रेरणा और परिवार के समर्थन के बिना यह सफर संभव नहीं था। पिछले साल टी20 विश्व कप के दौरान पिता के निधन के बावजूद उन्होंने टीम के लिए खेलना जारी रखा। उन्होंने बताया, 'पापा की इच्छा थी कि मैं खेलूं और मैंने वही किया। परिवार हमेशा मेरे साथ खड़ा रहा।' लगातार प्रगति कर रही फातिमा सना के नेतृत्व में पाकिस्तान महिला टीम विश्व कप में इतिहास बदलने की उम्मीद लगाए बैठी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें