पाकिस्तान ने रविवार को दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाएगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर्स में सात विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 15.1 ओवर्स में 137 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही सीरीज भी अपने नाम की।
पाकिस्तान की तरफ से हैदर अली (66*) और कप्तान बाबर आजम ने 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, जिम्बाब्वे की तरफ से ब्लेसिंग मुजरबानी ने 33 रन देकर 2 विकेट झटके। बता दें कि पहले टी-20 में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को छह विकेट से हराया था।