मोहम्मद आमिर और मोहम्मद अब्बास (4-4 विकेट) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने इंग्लैंड को लॉर्ड्स टेस्ट में करारी मात दी। पाकिस्तान ने रविवार को पहले टेस्ट के चौथे दिन मेजबान टीम को 9 विकेट के बड़े अंतर से हराया और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। सीरीज का दूसरा एवं आखिरी टेस्ट 1 जून से हेडिंग्ले में खेला जाएगा।
चौथे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी 242 रनों पर समाप्त हुई और पाकिस्तान को जीत के लिए 64 रन का बेहद आसान लक्ष्य लक्ष्य मिला, जिसे उसने 13वें ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को मैच में कुल 8 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इंग्लैंड ने चौथे दिन अपनी पारी 235/6 से आगे बढ़ाई। जोस बटलर (67) और डोमिनिक बेस (57) से टीम को विशाल बढ़त दिलाने की उम्मीद थी, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाजों ने ऐसा नहीं होने दिया। पाक गेंदबाजों का दबदबा ऐसा रहा कि इंग्लैंड की टीम अपने कल के स्कोर में सिर्फ 7 रन का इजाफा कर सकी और ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के बल्लेबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड बनाया।
पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद आमिर एवं मोहम्मद अब्बास ने चार-चार और शादाब खान ने दो विकेट लिए। इंग्लैंड को सिर्फ 63 रनों की बढ़त मिली और पाकिस्तान ने लंच से पहले ही सिर्फ अजहर अली (4) का विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इमाम-उल-हक 18 और हैरिस सोहेल 39 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अविजित 54 रनों की साझेदारी निभाई। इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में सिर्फ जेम्स एंडरसन ही एक विकेट ले सके।
संक्षिप्त स्कोरकार्ड:
इंग्लैंड: 184 एवं 242
पाकिस्तान: 363 एवं 66/1