पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच वनडे त्रिकोणीय सीरीज का चौथा मुकाबला आखिरी विकेट तक रोमांच से भरा रहा। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में रविवार को पाकिस्तान ने 154 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे और इंग्लैंड जीत से महज एक विकेट दूर था। तभी शादाब खान ने ऐसा पलटवार किया कि पूरा मैच ही बदल गया। शादाब ने हारिस रऊफ के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 89 रन की ऐतिहासिक साझेदारी कर पाकिस्तान को एक विकेट से जीत दिला दी। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने फाइनल का टिकट भी कटा लिया।
154 रन पर नौ विकेट, फिर शादाब ने दिखाया दम
- 242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 31 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए।
- इसके बाद सलमान आगा और साद बेग ने पारी को संभालने की कोशिश की। सलमान ने 26 रन बनाए, जबकि साद बेग ने 32 रन का योगदान दिया।
- दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई।
- सलमान ने हसन नवाज के साथ भी पांचवें विकेट के लिए 28 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद पाकिस्तान के विकेट लगातार गिरते रहे।
- देखते ही देखते टीम का स्कोर 154 रन पर नौ विकेट हो गया।
- इंग्लैंड के खेमे में जीत की उम्मीदें बढ़ गईं और पाकिस्तान की हार लगभग तय नजर आने लगी।
- लेकिन आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शादाब खान के इरादे कुछ और ही थे।
- उन्होंने मुश्किल हालात में मोर्चा संभाला और आखिरी विकेट पर हारिस रऊफ के साथ मिलकर इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
शादाब का शतक, रऊफ ने निभाया बखूबी साथ
- शादाब खान ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 गेंदों पर नाबाद 113 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 13 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।
- उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
- दूसरे छोर पर हारिस रऊफ ने भी उनका पूरा साथ दिया। रऊफ ने नाबाद सात रन बनाए, लेकिन इस दौरान शादाब को क्रीज पर टिके रहने और लक्ष्य हासिल करने में अहम सहयोग दिया।
- दोनों ने 80 गेंदों पर नाबाद 89 रन जोड़े और पाकिस्तान को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी।
- इस साझेदारी ने वनडे क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान दसवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी बना दिया।
- शादाब की पारी ने साबित कर दिया कि आखिरी विकेट गिरने तक मुकाबले में वापसी की उम्मीद बाकी रहती है।
बेन डकेट के शतक पर फिरा पानी
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम ने 19 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में बेन डकेट ने पारी को संभाला और सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 93 रन की अहम साझेदारी की। डकेट ने 111 गेंदों पर 105 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। सैम करन ने 52 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि गस एटकिंसन ने नाबाद 36 रन की पारी खेली। एटकिंसन ने हेनरी क्रोकॉम के साथ आखिरी विकेट के लिए 40 रन जोड़कर इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, पूरी टीम 46.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने 46 रन देकर चार विकेट झटके। रजाउल्लाह और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि हारिस रऊफ को एक सफलता मिली।
फाइनल में पाकिस्तान
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। श्रीलंका दो में से एक मुकाबला जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि लगातार तीन मैच गंवाने वाला इंग्लैंड तीसरे पायदान पर है। इंग्लैंड को अब 29 अक्तूबर को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला खेलना है। फाइनल 31 अक्तूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित होगा।