पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम आखिरकार फॉर्म में लौट आए हैं। शुक्रवार को उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार शतक जड़ा और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान ने यह मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। अब दोनों टीमें रविवार को रावलपिंडी में आखिरी मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगी।
83 पारियों बाद आया बाबर का 'स्पेशल' शतक
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने इस शतक के साथ बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह वनडे में संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में सईद अनवर की बराबरी कर ली। दोनों के नाम अब वनडे में 20-20 शतक हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि 31 वर्षीय बल्लेबाज का यह शतक 83 पारियों के बाद आया है। पिछली बार उनके बल्ले से शतक एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ निकला था। तब से वह सैकड़े को तरस रहे थे। इस तरह यह शतक उनके लिए खास है।
102 रन बनाकर नाबाद रहे बाबर
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम ने जनिथ लियानगे की अर्धशतकीय पारी की मदद से 50 ओवर में आठ विकेट पर 288 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 48.2 ओवर में दो विकेट पर 289 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने 119 गेंदों में सर्वाधिक 102 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा फखर जमां ने 78 और सैम अयूब ने 33 रन बनाए जबकि मोहम्मद रिजवान 51 रन बनाकर नाबाद रहे।