दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन हसन अली को आउट करते ही उन्होंने अपने 200 विकेट भी पूरे कर लिए। इसके साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
25 वर्षीय रबाडा अब गेंदों के मामले में सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि करियर के 44वें टेस्ट में 8154वीं गेंद पर हासिल की। इस मामले में उनसे आगे पाकिस्तान के दिग्गज गेंदबाज वकार यूनुस (7730) और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व गेंदबाज डेल स्टेन (7848) हैं।
पाकिस्तान के कराची राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल करने के साथ ही वह दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सबसे तेज 200 विकेट चटकाने वाले तीसरे तेज गेंदबाज बन गए। इस मामले में उनसे आगे डेल स्टेन और एलन डोनाल्ड ही हैं। यही नहीं रबाडा 200 टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे सबसे युवा गेंदबाज भी बन गए हैं।
हालांकि, 200 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में स्ट्राइक रेट के मामले में रबाडा टॉप पर काबिज हैं। उन्होंने 40.8 के स्ट्राइक रेट से यह विकेट लिए। इस मामले में हमवतन डेल स्टेन दूसरे नंबर पर काबिज हैं, जिन्होंने 42.3 के स्ट्राइक रेट से 439 टेस्ट विकेट लिए हैं
बात करें मैच की तो रबाडा ने पहली पारी में पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। इस दौरान उन्होंने इमरान बट्ट, आबिद अली और हसन अली को अपना शिकार बनाया।