पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच रावलपिंडी में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अपने गेंदबाजों के दम पर मैच में वापसी की। मेहमान टीम के गेंदबाज विशेष तौर पर जॉर्ज लिंडे पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर भारी पड़े।
तीसरे दिन का खेल शुरू होने पर दक्षिण अफ्रीका ने 106/4 से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन हसन अली की शानदार गेंदबाजी के आगे मेहमान टीम के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं पाए। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने छह विकेट गंवाकर मात्र 95 रन जोड़े और 201 रन पर ही सिमट गई। पाकिस्तान की तरफ से हसन अली ने पांच विकेट चटकाए।
इसके बाद पाकिस्तान की टीम ने 71 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना शुरू किया। लेकिन एक बार फिर से रबाडा ने उसे शुरुआती झटका दिया और इमरान बट को शून्य पर आउट किया। हालांकि आबिद और अजहर अली ने टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन उसका अधिक फायदा नहीं हुआ और दोनों ही खिलाड़ियों को लिंडे और महाराज ने पवेलियन भेज दिया। इससे पहले कि पाकिस्तान की तरफ से कोई बड़ी साझेदारी हो पाती, लिंडे और महाराज की फिरकी ने पाकिस्तान के 129 रन पर ही छह विकेट गिरा दिए।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर पाकिस्तान की टीम 200 रनों की बढ़त ले चुकी है और उसकी तरफ से मोहम्मद रिजवान और हसन अली क्रीज पर मौजूद हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लिंडे तीन और महाराज दो विकेट ले चुके हैं।