पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहा दूसरा टेस्ट मैच दूसरे दिन रोमांचक हो गया। रावलपिंडी में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनरिच नोर्त्जे ने जबरदस्त गेंदबाजी की। उन्होंने पांच पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया, जिसकी वजह से मेजबान टीम दूसरे दिन सात विकेट गंवाकर 127 रन ही और जोड़ पाई और 300 रन के अंदर ही सिमट गई।
पाकिस्तान ने दूसरे दिन 145 रन पर तीन विकेट से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन उसे बाबर के रूप में दिन का पहला झटका लगा। आजम पहले दिन के 77 रन के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर पाए और दो अतिरिक्त गेंदें खेलकर नोर्त्जे का शिकार हुए। इसके बाद 42 रन पर खेल रहे फवाद आलम भी अपने स्कोर में तीन रन जोड़कर 45 के स्कोर पर रनआउट हो गए।
इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद फहीम अशरफ को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया और पवेलियन लौट गया। फहीम 160 गेंदों में 78 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि नोर्त्जे ने 56 रन देकर पांच विकेट झटके।
वहीं पाकिस्तान के पहली पारी के स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर से लड़खड़ा गई। उसके शीर्ष क्रम के चार बल्लेबाज महज 81 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए। दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 106 रन बनाए, मेहमान टीम अभी भी 166 रन से पीछे चल रही है। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से तरफ से तेम्बा बावुमा (15) और क्विंटन डीकॉक (24) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।