पाकिस्तानी गेंदबाज हसन अली को शनिवार को आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगायी गई जबकि ढाका में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए बांग्लादेश के खिलाड़ियों की मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
यह घटना बांग्लादेश की पारी के 17वें ओवर में हुई जब हसन ने बल्लेबाज नुरूल हसन को आउट करने के बाद अनुचित तरीके से इशारा किया जिससे उन्होंने आईसीसी आचार संहिता के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ से संबंधित अनुच्छेद 2.5 के लेवल एक का उल्लघंन किया जो ‘एक अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान ऐसी भाषा, एक्शन और भाव भंगिमा से संबंधित है जो बल्लेबाज को आउट होने के बाद आक्रामक प्रतिक्रिया करने के लिए उकसा सकती है।’