ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को आखिरी टेस्ट में 115 रनों से हराकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली है। दोनों टीमों के बीच अब तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला और एक टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन उससे पहले मेहमान टीम को बड़ा झटका लगा है।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी और स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ कोहनी की चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला और टी-20 मैच से बाहर हो गए हैं। वह किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं और स्वदेश लौटेंगे। उनकी जगह लेग स्पिनर मिशेल स्वेपसन को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार की रात बयान जारी कर कहा, "स्मिथ को तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दौरान भी कोहनी में परेशानी हुई थी। आगामी 18 महीने में काफी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला जाना है और इस समय उनकी रिकवरी पर ध्यान देना जरूरी है।"
आस्ट्रेलिया को 29, 31 मार्च और दो अप्रैल को वनडे सीरीज और पांच अप्रैल को एक टी-20 मैच खेलना है।
ऑस्ट्रेलिया टीम :
आरोन फिंच (कप्तान), सीन एबोट, एश्टोन एगर, जेसन बेहरेनडोर्फ, एलेक्स कारी, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, मिशेल मार्श, बेन मैकडरमोट, मार्कस स्टोइनिस, मिशेल स्वेपसन, एडम जाम्पा