अफगानिस्तान की टीम का पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में सफाया करने का प्रयास सिरे नहीं चढ़ सका। तीन मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला पाकिस्तान 66 रन से जीतने में सफल रहा। पाकिस्तान ने सात विकेट पर 182 रन बनाए और उसके बाद आठ गेंद शेष रहते अफगानिस्तान को 116 रन पर आउट कर दिया। पाकिस्तान के अंतरिम कप्तान शादाब खान और तेज गेंदबाज इहसानुल्लाह ने छह विकेट बांटे। शादाब ने 13 रन देकर तीन विकेट लिए और इसके साथ ही उन्होंने टी-20 में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले वह पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बने।
इहसानुल्लाह ने 29 रन देकर तीन विकेट लिए। शादाब ने 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर बल्ले से भी योगदान दिया। सैम अयुब ने 49 रन बनाए और अपने पहले टी-20 अर्धशतक से एक रन दूर रह गए। अफगानिस्तान ने पहले दो मैच जीतकर सीरीज 2-1 से पहले ही अपने नाम कर ली थी। पहले दो मैचों में पाकिस्तान की टीम क्रमश: नौ विकेट पर 92 रन और छह विकेट पर 130 रन ही बना पाई थी लेकिन तीसरे मैच में बल्लेबाजों ने बेहतर किया। सैम के अलावा चार टी-20 में खाता नहीं खोल पाए अब्दुल्ला शफीक ने भी रनों का सूखा खत्म करते हुए 13 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली।