एशिया कप 2022 के सुपर चार राउंड में पाकिस्तान का दूसरा मैच अफगानिस्तान से था। पाकिस्तान ने यह मुकाबला एक विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बना ली है। यह मैच बेहद रोमांचक था, लेकिन दोनों टीमों के बल्लेबाज इस मैच में संघर्ष करते नजर आए। पहले अफगानिस्तान की टीम सिर्फ 129 रन पर सिमट गई फिर पाकिस्तान ने यह लक्ष्य हासिल करने में नौ विकेट गंवा दिए। दोनों टीमों के कप्तान इस मुकाबले में खाता खोले बिना पहली ही गेंद पर आउट हो गए और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। बाबर पाकिस्तान के पहले कप्तान हैं, जो एशिया कप के किसी मैच में पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। आइए जानते हैं इस मैच में क्यो रिकॉर्ड बने।
टी20 में दूसरी बार एक विकेट से जीता पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम ने यह मैच चार गेंद रहते एक विकेट से अपने नाम किया। टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह दूसरा मौका था, जब पाकिस्तान की टीम एक विकेट से जीती। इससे पहले 2015 में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान ने 173 रन का पीछा करते हुए नौ विकेट पर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया था।
अफगानिस्तान के खिलाफ यह पाकिस्तान की टीम ने तीसरी बार आखिरी ओवर में मुकाबला जीता। इससे पहले 2019 वनडे विश्व कप में पाकिस्तान ने दो गेंद रहते जीत हासिल की थी। 2018 एशिया कप में भी पाकिस्तान तीन गेंद रहते मुकाबला जीता था।
एशिया कप में शून्य के स्कोर पर आउट होने वाले पहले पाकिस्तानी कप्तान बने बाबर
बाबर आजम इस मैच में दूसरी पारी की दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। फजलहक फारुखी ने उन्हें एलबीडब्लू आउट किया। इसके साथ ही बाबर ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बाबर पाकिस्तान के पहले कप्तान हैं, जो एशिया कप में पहली ही गेंद में खाता खोले बिना आउट हो गए। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 10, 9, 14, 0 का स्कोर बनाया है।
टी20 में दूसरी बार दोनों कप्तान शून्य पर आउट
अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका था, जब दोनों टीमों के कप्तान पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। पहले अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी को नसीम शाह ने पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड किया फिर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को फजलहक फारुखी ने एलबीडब्लू किया। इससे पहले इसी साल ग्रीस और स्विडन के मैच में दोनों टीमों के कप्तान पहली ही गेंद पर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए थे। ग्रीस के कप्तान एनस्तासियोस मनोउसिस और स्विडन के कप्तान अभिजीत वेंकटेश कोई रन नहीं बना पाए थे।