पाकिस्तान ने इसी हफ्ते शुरू हो रहे बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में अपने खिलाड़ियों को हिस्सा लेने से रोक दिया है। दरअसल पाकिस्तान इसी महीने लाहौर में बांग्लादेश के साथ ट्वंटी-20 और वन-डे मैच खेलना चाहता था जिसको लेकर बांग्लादेश ने अंतिम समय में इनकार कर दिया। पाकिस्तान में लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित होने की उम्मीद जगी थी लेकिन बांग्लादेश के इनकार के बाद उसने भी अपने खिलाड़ियों को वहां जाने से रोक दिया।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता जलाल यूनुस ने कहा, ‘पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बुधवार को हमारे मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बुलाकर कहा कि जब तक हम पाकिस्तान अपनी टीम नहीं भेजेंगे, वह भी अपने किसी खिलाड़ी को हमारे लीग में खेलने की अनुमति नहीं देंगे। ऐसे में हमने बिना पाक खिलाड़ी के लीग के आयोजन का फैसला किया है।’ बीपीएल के इस दूसरे संस्करण के लिए पाकिस्तान के 50 से भी अधिक खिलाड़ियों ने नीलामी में हिस्सा लिया था जिसमें से 26 की सफल बोली लगी थी।