टी20 मैच में पाक पर मिली जीत के बाद लगा कि टीम इंडिया फॉर्म में लौट आई है। लेकिन पहले वनडे मैच में पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज जुनैद खान के सामने भारतीय बल्लेबाजों की पोल खुल गई। भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में जुनैद खान 4 विकेट झटककर मैच के हीरो रहे। वहीं पुराने आंकड़ों के दम पर श्रेष्ठ माने जाने वाले भारतीय बल्लेबाज जीरो साबित हुए। जुनैद के इसी प्रदर्शन के दम पर भारतीय पारी 227 रनों पर सिमट गई, जिसे पाकिस्तान ने शुरुआती झटकों के बावजूद हासिल कर छह विकेट की शानदार जीत दर्ज की।
23 वर्षीय जुनैद ने पिच पर मौजूद नमी का भरपूर इस्तेमाल करते हुए गेंदों को जबरदस्त तरीके से स्विंग कराया। बाएं हाथ के इस गेंदबाज की गेंदों के सामने भारत के सभी बल्लेबाज बेबस दिखे। जुनैद ने मैच के चौथे ओवर में वीरेंद्र सहवाग को बोल्ड कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद मोहम्मद इरफान ने गौतम गंभीर को बोल्ड कर उनका अच्छा साथ निभाया।
ओपनिंग जोड़ी के आउट होने के बाद दबाव में आई भारतीय टीम को जुनैद ने संभलने तक का मौका नहीं दिया। उन्होंने एक ही ओवर में युवराज सिंह (2) और विराट कोहली को बिना खाता खोले बोल्ड कर दिया। इसके बाद जुनैद ने रोहित शर्मा (4) को हफीज के हाथों कैच कराकर भारत को पांचवा झटका दे दिया।
जीरो रहे भारतीय बल्लेबाज
पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह बेबस और सहमे हुए दिखे। सहवाग, युवराज, गंभीर, कोहली और रोहित शर्मा जैसे विश्वस्तरीय बल्लेबाज तेज गेंदबाज जुनैद खान की गेंदों पर शॉट खेलना तो दूर उन्हें समझ भी नहीं पा रहे थे। 29 रनों के स्कोर पर भारत के पांच प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। मुश्किल क्षण में क्रीज पर पांव जमा चुके सुरेश रैना जैसे ही खुलकर शॉट लगाने की कोशिश की स्पिनर मोहम्मद हफीज ने उन्हें आउट कर लिया। मैच के दौरान भारत के छह बल्लेबाज आउट हुए, जिसमें पांच बोल्ड हुए।