भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के लिए तैयारियां कर रही है, लेकिन उसके लिए एक चिंता की बात सामने आ रही है। भारतीय टीम फिलहाल 1-2 से सीरीज में पिछड़ी हुई है और अगर उसे सीरीज अपने नाम करनी है तो मैनचेस्टर में खेला जाने वाला अगला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। ट्रेनिंग सत्र के दौरान तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर नजरें रहीं जो बाएं हाथ में पट्टी लगाकर उतरे नजर आए।
अर्शदीप सिंह भारतीय टीम में शामिल हैं, लेकिन उन्हें अब तक टेस्ट डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। अर्शदीप भले ही इस सीरीज में एक भी मैच नहीं खेल सके हैं, लेकिन टीम प्रबंधन के सामने उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल करने का विकल्प उपलब्ध है। ऐसे में अर्शदीप का चोटिल होना भारत के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। अगर वह चोटिल हैं तो इससे भारत के संयोजन पर असर पड़ सकता है।
अर्शदीप की उपलब्धता पर उठे सवाल
भारतीय टीम ने फिलहाल तीन मैचों में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर और आकाश दीप जैसे तेज गेंदबाजों के साथ काम चलाया है। हालांकि, कार्यभार प्रबंध चौथे टेस्ट में अहम भूमिका निभा सकता है और अगर जसप्रीत बुमराह इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो टीम प्रबंधन के पास अर्शदीप को लेने का मौका रहेगा। लेकिन अभ्यास सत्र के दौरान पट्टी बांधकर उतरने के कारण अर्शदीप की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
भारत के सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे ने इंडिया टुडे के हवाले से बताया कि ट्रेनिंग के दौरान अर्शदीप के हाथ में चोट लगी है। डस्काटे ने कहा, गेंदबाजी करते हुए उन्हें एक गेंद लगी, उसे रोकने की कोशिश की। हमें देखना होगा कि कट कितना गहरा है। मेडिकल टीम उन्हें डॉक्टर के पास ले गई है और जाहिर है, उन्हें टांके लगाने की जरूरत है या नहीं, यह अगले कुछ दिनों की हमारी योजना के लिए महत्वपूर्ण होगा।
अर्शदीप की स्थिति पर रखी जा रही नजर
सफेद गेंद वाले क्रिकेट, आईपीएल और काउंटी क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद, अर्शदीप अभी भी अपने पहले टेस्ट मैच का इंतजार कर रहे हैं। सीरीज में वापसी दांव पर होने के कारण उनकी फिटनेस भारत की योजनाओं के लिए अहम साबित हो सकती है। फिलहाल अर्शदीप की स्थिति पर भारतीय टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।