आईपीएल के आठ साल पुराने इतिहास में एक बार फिर एक टीम बिकने जा रही है। हालांकि यह टीम कौन सी होगी इसके बारे में कोई खुलासा नहीं कर रहा है लेकिन टीम कौन खरीदेगा इसका खुलासा हो गया है और यह कंपनी है जिंदल ग्रुप की।
चोटी की इस्पात कंपनी जेएसडब्ल्यू स्टील (जिंदल ग्रुप) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। जेएसडब्ल्यू के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने बुधवार को कहा कि उनका ग्रुप आईपीएल टीम का अधिग्रहण करेगी। हालांकि उन्होंने टीम के नाम का खुलासा नहीं किया।
लेकिन अनुमान है कि यह आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) हो सकती है, जिसके मालिक अभी विजय माल्या हैं। खबर है कि आरसीबी को खरीदने के लिए पेय पदार्थ बनाने वाली वैश्विक कंपनी डियाजियो पीएलसी से बातचीत चल रही है।
अगर सब कुछ सही रहा तो जिंदल ग्रुप 300 करोड़ रुपये में आरसीबी को खरीद सकती है। जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सज्जन जिंदल ने कहा कि हमारे देश में क्रिकेट नंबर वन खेल है इसलिए हमारी योजना एक आईपीएल टीम का अधिग्रहण करने की है। लेकिन वह अभी उस टीम का नाम नहीं बताएंगे। पैसे की यहां कोई बात नहीं है। हम एक विश्वसनीय टीम चाहते हैं, जिसकी मदद से हम खेलों को बढ़ावा दे सकें।
जब जिंदल से आरसीबी के अधिग्रहण का सवाल पूछा गया तो न तो उन्होंने से इंकार किया और न ही इस पर हामी भरी। उन्होंने कहा कि यह आरसीबी पर निर्भर करता है। बंगलोर की फ्रेंचाइजी माल्या ने 2008 में 11.16 करोड़ डॉलर की दूसरी सबसे ज्यादा बोली लगाकर खरीदी थी। आरसीबी आईपीएल में दो बार 2009 और 2011 में फाइनल में पहुंची है।
उल्लेखनीय है कि बंगलूरू फुटबॉल क्लब के सीईओ पार्थ जिंदल ने इस साल के शुरू में आईपीएल के व्यवसाय में शामिल होने की दिलचस्पी दिखाई थी।