ग्रुप-बी से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। ग्रुप स्टेज में इंडिया ने 6 में से 4 मुकाबले जीते थे और वो ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं वेस्टइंडीज की टीम 5 मुकाबले जीतकर ग्रुप में पहले स्थान पर थी। सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना ओल्ड ट्रेफर्ड स्टेडियम में इंग्लैंड से हुआ जिसमें टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
लंदन के लॉर्ड्स मैदान में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और टीम इंडिया को बल्लेबाजी का न्योता दिया।
वेस्टइंडीज के तूफानी गेंदबाजों के आगे टीम इंडिया 54.4 ओवर में 183 रन ही बना पाई और आलआउट हो गई। भारतीय टीम की तरफ से के श्रीकांत ने सबसे अधिक 38, मोहिंदर अमरनाथ (26) और संदीप पाटिल (27) रन बनाए थे। वहीं वेस्टइंडीज की तरफ से एंडी रोबर्ट्स ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए थे।
इंडिया के 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की पूरी टीम 52 ओवर में 140 रन पर ही ढेर हो गई और 43 रनों से मैच हार गई। वेस्टइंडीज की तरफ से विवियन रिचर्ड्स ने सबसे अधिक 33 और जेफ डूजों (25) रन बनाए थे। इंडिया की तरफ से जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए मदन लाल और मोहिंदर अमरनाथ ने 3-3 विकेट झटके थे।
कम स्कोर वाले मुकाबले में 80 गेंदों में 26 रनों की महत्वपूर्ण पारी और 7 ओवर की गेंदबाजी में 12 रन देकर 3 विकेट लेने वाले मोहिंदर अमरनाथ को मैन ऑफ द मैच दिया गया था।