भारत और इंग्लैंड के बीच कटक के बाराबती स्टेडियम पर खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान बार-बार फ्लड लाइट बूझने के मामले को लेकर ओडिशा सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है। राज्य सरकार ने ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उसे 10 दिन के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। रविवार को खेले गए इस मैच में एक टावर की बिजली गुल हो गई थी जिसके कारण लगभग 30 मिनट तक खेल नहीं हो पाया था।
भारत ने जीता था मैच
भारत ने यह मुकाबला जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने बेन डकेट और जो रूट की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 304 रन बनाए। जवाब में भारत ने रोहित शर्मा की शतकीय पारी की बदौलत 44.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर 308 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला अहमदाबाद में 12 फरवरी को खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम जीत के साथ इंग्लैंड का सूपड़ा साफ करने के उद्देश्य से उतरेगी।
खेल निदेशक ने ओसीए सचिव को लिखा पत्र
पत्र में 10 दिन के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। ओडिशा के खेल निदेशक सिद्धार्थ दास ने ओसीए सचिव संजय बेहरा को लिखे पत्र में कहा, ओसीए को व्यवधान के कारण बताने के लिए विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने और उन व्यक्तियों और एजेंसियों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है जो इस तरह की खामियों के लिए जिम्मेदार थे।
रोहित के बल्ले से निकला था शतक
भारतीय कप्तान रोहित चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म में लौट आए। पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे रोहित का बल्ला कटक के बाराबाटी स्टेडियम में जमकर गरजा। दूसरे वनडे मैच में रोहित ने पहले 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, फिर इसे शतक में बदलने में ज्यादा देर नहीं लगाई। रोहित के बल्ले से शतकीय पारी देखने का इंतजार प्रशंसकों को लंबे समय से था जो आखिरकार रविवार को पूरा हुआ। उन्होंने 76 गेंदों पर शतक लगाया। रोहित 90 गेंदों पर 12 चौके और सात छक्कों की मदद से 119 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लियाम लिविंगस्टोन ने अपना शिकार बनाया।