पीसीबी ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ अपने मुकाबलों के मैदान में बदलाव की मांग की थी। पाकिस्तान को 20 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया से बेंगलुरु के चिन्नास्वामी में और 23 अक्तूबर को अफगानिस्तान से चेन्नई के चेपक में भिड़ना है। पाकिस्तान ने ड्राफ्ट शेड्यूल के बाद अपने अनुरोध पत्र में इस बात का जिक्र किया था कि चेन्नई में स्थितियां अफगानिस्तान के पक्ष में होंगी। इसलिए वेन्यू बदलने से यह पाकिस्तान के लिए फायदे में रहेगा।
क्यों वेन्यू बदलना चाहता था पीसीबी
चेपक में गेंद काफी स्पिन होती है और अफगानिस्तान के पास राशिद खान, मुजीब उर रहमान और नूर अहमद समेत कई वर्ल्ड क्लास स्पिनर्स हैं जो पाकिस्तान की टीम पर भारी पड़ सकते हैं। वहीं, चिन्नास्वामी रन के लिए जाना जाता है और वहां किसी भी स्कोर को आसानी से चेज किया जा सकता है। पाकिस्तान को इसी बात का डर था कि दोनों में से किसी भी मैच में वह फेवरेट के तौर पर मैदान में नहीं उतरेंगे। इसी वजह से उन्होंने वेन्यू बदलने की मांग की थी।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम
- फोटो : सोशल मीडिया
इतना ही नहीं, एक और दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ वेन्यू को इंटरचेंज करने की भी मांग की थी। वे चाहते थे कि इन दो मैचों के लिए वेन्यू की अदला-बदली की जाए, यानी पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया से चेपक में और अफगानिस्तान से चिन्नास्वामी में खेले। हालांकि, आईसीसी और बीसीसीआई ने पीसीबी की मांग को ठुकरा दिया। साथ ही यह तय किया कि पाकिस्तान को निर्धारित स्थान पर ही अपने मैच खेलने होंगे।
पाकिस्तान का वनडे विश्व कप 2023 में शेड्यूल
पाकिस्तान की टीम अपने अभियान की शुरुआत छह अक्तूबर को क्वालिफायर-वन टीम के खिलाफ खेलेगी। क्वालिफायर टीमें अभी जिम्बाब्वे में चल रहे वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर के बाद तय होंगी। हैदराबाद में पाकिस्तान को दो, अहमदाबाद में एक, बेंगलुरु में दो, चेन्नई में दो और कोलकाता में दो मैच खेलने हैं।
| तारीख |
मैच |
मैदान |
| 6 अक्तूबर |
पाकिस्तान बनाम क्वालिफायर 1 |
हैदराबाद |
| 12 अक्तूबर |
पाकिस्तान बनाम क्वालिफायर 2 |
हैदराबाद |
| 15 अक्तूबर |
भारत बनाम पाकिस्तान |
अहमदाबाद |
| 20 अक्तूबर |
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान |
बेंगलुरु |
| 23 अक्तूबर |
पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान |
चेन्नई |
| 27 अक्तूबर |
पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका |
चेन्नई |
| 31 अक्तूबर |
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश |
कोलकाता |
| 4 नवंबर |
न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान |
बेंगलुरु |
| 12 नवंबर |
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान |
कोलकाता |
भारत के 10 शहरों में होंगे मुकाबले
विश्व कप के मैच भारत के 10 शहरों में खेले जाएंगे। हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में मुकाबले हैं। हैदराबाद के अलावा गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम 29 सितंबर से 3 अक्तूबर तक अभ्यास मैचों की मेजबानी करेंगे।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 का पूरा शेड्यूल देखने के लिए यहां क्लिक करें
टूर्नामेंट में खेलेंगी 10 टीमें
इस विश्व कप में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। आठ टीमें पहले ही इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं और बाकी दो स्थानों के लिए जिम्बाब्वे में क्वालिफायर राउंड खेला जा रहा है, जिसमें सुपर सिक्स में छह टीमें पहुंच चुकी हैं। इनमें से दो टीमें भारत में होने वाले विश्व कप के मुख्य राउंड में भाग लेंगी।
यहां क्लिक कर देखें टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल