फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ODI WC: विश्व कप से पहले नाटक क्यों कर रहा पाकिस्तान? एशिया कप में नहीं चली, ICC के सामने भी मुंह की खानी पड़ी

Wed, 28 Jun 2023 05:24 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पाकिस्तान बार-बार भारत नहीं आने का राग क्यों अलाप रहा है? क्या उसे वाकई भारत में खेलने और बुरी तरह हारने का डर है? आइए जानतें है कि इस मामले की शुरुआत कैसे और कहां से हुई थी और अब तक इसमें क्या अपडेट आए हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान की टीम की आनाकानी जारी है - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईसीसी ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल का एलान कर दिया है। पांच अक्तूबर से शुरू हो रहा यह टूर्नामेंट 46 दिनों तक चलेगा और इसमें 48 मैच खेले जाएंगे। हालांकि, इस टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान की आनाकानी शुरू हो गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की तरफ से बार-बार इस बात की धमकी दी जा रही है कि वह अपनी टीम को वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत भेजने पर विचार कर रहे हैं और इस पर फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। हालांकि, आईसीसी ने भी इसका जवाब दिया है।
विज्ञापन


आईसीसी ने कहा है कि पीसीबी ने वर्ल्ड कप खेलने पर एग्रीमेंट साइन किया है और अब वह इससे पीछे नहीं हट सकते। बात सिर्फ इतनी ही नहीं है, ड्राफ्ट शेड्यूल आने के बाद से ही पीसीबी ने नाटक करना शुरू कर दिया था। तब उन्होंने वेन्यू बदलने की मांग की थी। हालांकि, इसे आईसीसी ने पूरी तरह खारिज कर दिया था। अब सवाल यह उठता है कि पाकिस्तान बार-बार यह नाटक क्यों कर रहा है? क्या उसे वाकई भारत में खेलने और बुरी तरह हारने का डर है? आइए जानते हैं कि इस मामले की शुरुआत कैसे और कहां से हुई थी और अब तक इसमें क्या अपडेट आए हैं।

पूरे मामले की शुरुआत पिछले साल अक्तूबर में हुई थी

जय शाह ने एशिया कप पर बड़ा बयान दिया था - फोटो : सोशल मीडिया
इस पूरे मामले की शुरुआत पिछले साल अक्तूबर में हुई थी। एशियाई क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन जय शाह ने 18 अक्तूबर को अपने बयान में कहा था कि 2023 में होने वाला एशिया कप किसी तटस्थ स्थान यानी न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा। इसके बाद से ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की गीदड़भभकी शुरू हो गई थी। तब पीसीबी के अध्यक्ष रहे रमीज राजा ने बीसीसीआई के इस फैसले पर ऐतराज जताया था और कहा था कि अगर भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आता है तो पाकिस्तान की टीम भी 2023 वर्ल्ड कप के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगी। रमीज राजा ने तब बीसीसीआई और भारतीय टीम को लेकर भी उलटे-सीधे बयान दिए थे। 

पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी
इसके बाद समय बीतता गया, लेकिन पाकिस्तान की ओर से बयानबाजी जारी रही। पाकिस्तान में तख्तापलट हुआ और प्रधानमंत्री इमरान खान को पद से हटना पड़ा। शहबाज शरीफ पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री बने। वहीं, रमीज राजा को भी पीसीबी चीफ के पद से हटा दिया गया। नजम सेठी पीसीबी के अंतरिम अध्यक्ष बने। उनकी तरफ से भी बयानबाजी का दौर चालू रहा। इस दौरान उनके और एशियई क्रिकेट काउंसिल के बाकी देशों के बीच कई बार मीटिंग हुई और उन्होंने बाकी देशों को पाकिस्तान में एशिया कप खेलने के लिए मनाने की कोशिश की। हालांकि, बाकी देश बीसीसीआई के साथ खड़े हुए और पाकिस्तान को इसमें मुंह की खानी पड़ी।

रमीज राजा और नजम सेठी - फोटो : सोशल मीडिया
PCB ने हाईब्रिड मॉडल की पेशकश की थी
इसके बाद नजम सेठी की अध्यक्षता में पीसीबी ने 'हाईब्रिड मॉडल' की पेशकश की। इस मॉडल के मुताबिक, भारत के किसी दूसरे देश में आयोजित किए जाने थे। पहले पाकिस्तान ने इस मॉडल के जरिये फाइनल समेत अहम मैच अपने देश में करानी की मांग की थी, जिसे भारत समेत एशियाई क्रिकेट काउंसिल के ज्यादातर अहम देशों ने खारिज कर दिया। आईपीएल खत्म होने के बाद एशिया कप के मैचों पर मुहर लगी। टूर्नामेंट हाईब्रिड मॉडल पर ही आयोजित किया जाएगा और पाकिस्तान-श्रीलंका इस टूर्नामेंट की मेजबानी करते दिखेंगे। 31 अगस्त से 17 सितंबर तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को सिर्फ चार मैचों की मेजबानी मिली। 

एशिया कप में पाकिस्तान को सिर्फ चार मैचों की मेजबानी मिली
वहीं, श्रीलंका नौ मैचों की मेजबानी करेगा। भारत अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगा। वहीं, सुपर-फोर राउंड के मैच और फाइनल भी श्रीलंका में ही होगा। एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबला भी श्रीलंका में ही होगा। ऐसे में एशिया कप को लेकर भी पाकिस्तान की मुंह की खानी पड़ी। यह पीसीबी की नाराजगी की बड़ी वजहों में से एक है। एशियाई क्रिकेट काउंसिल में पाकिस्तान की मांग पूरी न होने पर पीसीबी ने आईसीसी के वर्ल्ड कप शेड्यूल में भी अड़चन डालने की कोशिश की। ड्राफ्ट शेड्यूल सामने आने के बाद पाकिस्तान ने इसमें कई बदलाव चाहता था। इसके लिए उन्होंने आईसीसी को पत्र भी लिखा था।

पाकिस्तान ने आईसीसी से कुछ मैचों के मैदान बदलने की मांग की

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : अमर उजाला
पीसीबी ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ अपने मुकाबलों के मैदान में बदलाव की मांग की थी। पाकिस्तान को 20 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया से बेंगलुरु के चिन्नास्वामी में और 23 अक्तूबर को अफगानिस्तान से चेन्नई के चेपक में भिड़ना है। पीसीबी इन दोनों मैचों के वेन्यू में बदलाव चाहता था, या फिर इन दो मैचों के वेन्यू की अदला-बदली चाहता था। इसके अलावा पाकिस्तान भारत से अहमदाबाद में मैच नहीं खेलना चाहता था। आईसीसी और बीसीसीआई ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा दो मैचों के वेन्यू बदलने की मांग को ठुकरा दिया है। ड्राफ्ट शेड्यूल देख ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की आनाकानी शुरू हो गई थी, लेकिन आईसीसी ने उनकी एक न चलने दी। 

अफगानिस्तान से चेन्नई के चेपक में क्यों नहीं खेलना चाहता था पाकिस्तान?
  • पाकिस्तान ने ड्राफ्ट शेड्यूल के बाद अपने अनुरोध पत्र में इस बात का जिक्र किया था कि चेन्नई में स्थितियां अफगानिस्तान के पक्ष में होंगी। इसलिए वेन्यू बदलने से यह पाकिस्तान के लिए फायदे में रहेगा।
  • चेपक में गेंद काफी स्पिन होती है और अफगानिस्तान के पास राशिद खान, मुजीब उर रहमान और नूर अहमद समेत कई वर्ल्ड क्लास स्पिनर्स हैं जो पाकिस्तान की टीम पर भारी पड़ सकते हैं।
  • हाल ही में आईपीएल में चेपक में स्पिनर्स का दबदबा देखने को मिला था। चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिनर रवींद्र जडेजा और महीश तीक्ष्णा की गेंद रुक-रुक कर बल्ले पर आ रही थी और इससे बैटर्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
  • पाकिस्तान अफगानिस्तान की जगह चेपक में ऑस्ट्रेलिया से मैच खेलना चाहता था, क्योंकि कंगारुओं के पास एडम जाम्पा के अलावा कोई बड़ा स्पिनर नहीं है।
  • हालांकि, पाकिस्तान का चेपक में रिकॉर्ड शानदार रहा है और उसने यहां दो में से दो वनडे मैच जीते हैं। इसके अलावा चेन्नई में वनडे में स्पिनर्स का कुछ खास दबदबा देखने को नहीं मिला है।
  • यहां पिछले 10 वर्षों में चार वनडे मैच खेले गए हैं और कुल 58 विकेट गिरे हैं। इसमें से 37 विकेट तेज गेंदबाजों ने और 21 विकेट स्पिनर्स ने लिए हैं।

चेपक का रिकॉर्ड - फोटो : अमर उजाला
ऑस्ट्रेलिया से चिन्नास्वामी में क्यों नहीं खेलना चाहता था पाकिस्तान?
  • वहीं, चिन्नास्वामी रन के लिए जाना जाता है और वहां किसी भी स्कोर को आसानी से चेज किया जा सकता है। 
  • यहां अब तक वनडे में 15 बार 300+ के स्कोर बने हैं। इस मैदान पर हाईएस्ट टोटल 383/6 का रहा है। 
  • ऑस्ट्रेलिया इस मैदान से चिरपरिचित है। उसने यहां पांच बार 300+ का स्कोर बनाया है। ऑस्ट्रेलिया का हाईएस्ट स्कोर 347/2 का रहा है। वहीं, पाकिस्तान का हाईएस्ट स्कोर 291/8 रहा है।
  • ऑस्ट्रेलिया ने चिन्नास्वामी में 10 वनडे खेले हैं, इसमें से टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पांच मैचों में हार मिली है।
  • वहीं, पाकिस्तान ने इस मैदान पर दो मैच खेले हैं, एक में टीम जीती है और दूसरे में हार का सामना करना पड़ा है।

चिन्नास्वामी स्टेडियम - फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान ने वेन्यू इंटरचेंज करने की भी मांग की
पाकिस्तान को इसी बात का डर था कि दोनों में से किसी भी मैच में वह फेवरेट के तौर पर मैदान में नहीं उतरेंगे। इसी वजह से उन्होंने वेन्यू बदलने की मांग की थी। इतना ही नहीं, एक और दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ वेन्यू को इंटरचेंज करने की भी मांग की थी। वे चाहते थे कि इन दो मैचों के लिए वेन्यू की अदला-बदली की जाए, यानी पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया से चेपक में और अफगानिस्तान से चिन्नास्वामी में खेले। हालांकि, आईसीसी और बीसीसीआई ने पीसीबी की मांग को ठुकरा दिया। साथ ही यह तय किया कि पाकिस्तान को निर्धारित स्थान पर ही अपने मैच खेलने होंगे। 

अहमदाबाद में लाखों दर्शकों के बीच खेलने से पाकिस्तान को डर

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : अमर उजाला
इतना ही पाकिस्तान की टीम भारत से अहमदाबाद में भी नहीं भिड़ना चाहती थी। अहमदाबाद स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता को इसका बड़ा कारण माना जा रहा है। दरअसल, अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है। वहां, एक लाख 32 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। भारत में मैच होने की वजह से ज्यादातर दर्शक भारत के ही होंगे। इतने दर्शकों के बीच पाकिस्तान भारत से खेलने में दबाव महसूस कर सकता है। ऐसे में टीम ने इस वेन्यू को बदलने की भी मांग की थी। इसके अलावा पीसीबी ने मुंबई में मैच नहीं खेलने की भी मांग की थी। इसके पीछे पीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था, जिसे आईसीसी ने स्वीकार कर लिया। दरअसल, मुंबई में पाकिस्तान के मैच के दौरान कई बार पिच पर लोग पहुंच गए थे। 

आईसीसी ने पाकिस्तान का इस मामले में रखा ध्यान

आईसीसी ने पाकिस्तान के किसी भी मैच की मेजबानी मुंबई को नहीं दी है। साथ ही सेमीफाइनल का वेन्यू तय करते वक्त भी पीसीबी का ध्यान रखा। सेमीफाइनल मुंबई और कोलकाता में खेले जाएंगे। हालांकि, आईसीसी ने एक निर्देश जारी करते हुए लिखा कि अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो वह अपना मैच कोलकाता में खेलेगी। वहीं, अगर भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल मैच होता है तो भारत को पाकिस्तान से कोलकाता में ही भिड़ना होगा। इसके बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नाटक जारी है।

पीसीबी ने कहा- सरकार करेगी फैसला
वर्ल्ड कप शेड्यूल जारी होने के बाद पीसीबी एक आधिकारिक सूत्र ने यह कहा था कि शेड्यूल को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, "विश्व कप में हमारी भागीदारी, 15 अक्तूबर को अहमदाबाद में भारत के खिलाफ मैच या अगर हम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करते हैं तो मुंबई में खेलना, यह सब सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। अब तक सरकार ने पीसीबी को भारत की यात्रा के लिए कोई एनओसी जारी नहीं की है और चूंकि यह एक संवेदनशील मुद्दा है इसलिए बोर्ड अपनी सरकार से स्पष्ट निर्देश मिलने के बाद ही आगे बढ़ सकता है। हमने आईसीसी को पहले ही सूचित कर दिया है कि टूर्नामेंट में हमारी भागीदारी या आयोजन स्थलों पर कोई भी मुद्दा सबसे पहले पीसीबी को भारत की यात्रा के लिए सरकार से मंजूरी मिलने से जुड़ा है।''

पाकिस्तान का शेड्यूल - फोटो : अमर उजाला
आईसीसी ने पाकिस्तान की स्थिति पर क्या कहा?
आईसीसी ने एक बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने पाकिस्तान की स्थिति को लेकर कहा, ''पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए एग्रीमेंट साइन किया है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वो इस एग्रीमेंट से पलटेंगे नहीं और भारत आएंगे। वर्ल्ड कप में भाग ले रही सभी टीमें अपने देश के नियम और कानूनों से बंधी हैं और हम इसका सम्मान भी करते हैं। हालांकि, हमें पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप खेलने भारत जरूर आएगा।'' आईसीसी के मौजूदा अध्यक्ष जॉर्ज बार्कले हैं।

पाकिस्तान का वनडे विश्व कप 2023 में शेड्यूल
पाकिस्तान की टीम अपने अभियान की शुरुआत छह अक्तूबर को क्वालिफायर-वन टीम के खिलाफ खेलेगी। क्वालिफायर टीमें अभी जिम्बाब्वे में चल रहे वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर के बाद तय होंगी। हैदराबाद में पाकिस्तान को दो, अहमदाबाद में एक, बेंगलुरु में दो, चेन्नई में दो और कोलकाता में दो मैच खेलने हैं। इस विश्व कप में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। आठ टीमें पहले ही इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं और बाकी दो स्थानों के लिए जिम्बाब्वे में क्वालिफायर राउंड खेला जा रहा है, जिसमें सुपर सिक्स में छह टीमें पहुंच चुकी हैं। इनमें से दो टीमें भारत में होने वाले विश्व कप के मुख्य राउंड में भाग लेंगी।
 
विज्ञापन

10 शहरों में खेले जाएंगे विश्व कप के मैच

2023 वनडे विश्व कप में भारत का शेड्यूल - फोटो : अमर उजाला
विश्व कप के मैच भारत के 10 शहरों में खेले जाएंगे। हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में मुकाबले हैं। हैदराबाद के अलावा गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम 29 सितंबर से 3 अक्तूबर तक अभ्यास मैचों की मेजबानी करेंगे। इस विश्व कप में सभी टीमें बाकी नौ टीमों के साथ राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी। इनमें से अंक तालिका में शुरुआती चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और यहां जीतने वाली टीमें फाइनल में भिडे़ंगी। पिछली बार इंग्लैंड में भी इसी फॉर्मेट में विश्व कप का आयोजन हुआ था। तब इंग्लिश टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें