ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप मैच में डीआरएस का फैसला अपने खिलाफ जाने से नाराज और दुखी हैं और उन्होंने व्यवस्था में अधिक जवाबदेही की मांग की है। ऑस्ट्रेलिया ने लखनऊ में यह मैच पांच विकेट से जीता। वॉर्नर को श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने पगबाधा आउट किया था। वॉर्नर ने ‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ से कहा ,‘मैंने कभी नहीं देखा कि हॉक आई ने बताया हो कि तकनीक कैसे काम करती है। यह सिर्फ टीवी के लिए है। उन्हें हमें बताना चाहिए कि यह कैसे काम करती है। इसके बाद हम तय करेंगे कि उन्हें रेफर करना है या नहीं। मैंने मैदानी अंपायर से पूछा कि मुझे आउट क्यों दिया गया। उन्होंने कहा कि गेंद पीछे की ओर स्विंग होकर स्टंप पर लग रही थी। मुझे ऐसा नहीं लगा।’ उन्होंने कहा , ‘यहां इतना समय लग रहा है कि बल्लेबाज इंतजार करते हुए चिढ़ जाए। ’