वनडे विश्व कप 2023 में बांग्लादेश और श्रीलंका के मैच में टाइम आउट के फैसले की वजह से काफी बवाल हुआ। मैच के बाद कई श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने हाथ भी नहीं मिलाया। वहीं, मैथ्यूज ने विपक्षी कप्तान और टीम को लेकर कहा कि वह कभी इन लोगों की इज्जत नहीं कर पाएंगे। इस मैच में श्रीलंकाई पारी के 25वें ओवर में मैथ्यूज बल्लेबाजी के लिए आए थे। वह दो मिनट तक गेंद का सामना करने के लिए तैयार नहीं हुए तो बांग्लादेश ने उनके खिलाफ टाइम आउट की अपील की और उन्हें वापस जाना पड़ा।
मैथ्यूज ने अपील वापस लेने को कहा था
मुझे अपनी अपील पर कोई पछतावा नहीं है। मैंने जो किया नियमों के दायरे में रहते हुए किया है। मैथ्यूज दो मिनट से ऊपर का समय ले चुके थे। मेरे एक साथी ने मुझसे कहा कि ये समय ले रहा है और हम टाइम्ड आउट की अंपायर से अपील कर सकते हैं। इसके बाद मैंने अंपायर से अपील कर दी। मैं मैथ्यूज को 2006 से जानता हूं। हम अंडर-19 विश्वकप से एक दूसरे के खिलाफ खेलते आ रहे हैं। अपील के बाद वह मेरे पाए आए और मुझसे कहा कि क्या वह अपनी अपील वापस ले रहे हैं, मैंने इसे वापस लेने से इन्कार कर दिया।-शाकिब अल हसन
शाकिब और बांग्लादेश की इज्जत नहीं कर पाऊंगा
मैंने कुछ गलत नहीं किया। जब मेरे हेलमेट का स्ट्रिप टूटा तब भी दो मिनट होने में पांच सेकंड रहते थे। यह पूरी तरह उपकरण के अचानक बिगडऩे का मामला था। मेरे पास वीडियो के साक्ष्य हैं। शाकिब और बांग्लादेश ने पूरी तरह से गलत किया है। यह पूरी तरह से खेल की छवि के खिलाफ है। मैं आज के बाद शाकिब और बांग्लादेश की इज्जत नहीं कर पाऊंगा। यहां तक अंपायर को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए था। एक तरफ क्रिकेटरों की सुरक्षा की बात की जाती है। अगर मेरा हेलमेट बिगड़ गया था तो मैं गेंदबाज के सामने बिना हेलमेट के कैसे खेल सकता था। शाकिब ने आज खेल को बदनाम किया है। मेरे 15 साल के कॅरिअर कभी भी इस तरह से खेल की छवि खराब करने वाली घटना नहीं हुई।-एंजेल मैथ्यूज
मैथ्यूज समेत कई श्रीलंकाई क्रिकेटरों ने नहीं मिलाया हाथ
दोनों टीमों की कड़वाहट इतनी बढ़ गई कि मैच के बाद मैथ्यूज समेत श्रीलंका की टीम के कई खिलाडिय़ों ने बांग्लादेश की टीम से हाथ भी नहीं मिलाया। मैथ्यूज ने इस पर कहा कि अगर आप दूसरे की इज्जत करोगी तो बदले में उससे इज्जत पाओगे। बांग्लादेश ने इज्जत पाने वाला आज कोई काम नहीं किया।