वनडे विश्व कप 2023 में भारतीय टीम चैंपियन बनने से सिर्फ दो जीत दूर है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत आईसीसी ट्रॉफी का एक दशक लंबा सूखा खत्म करने के बेहद करीब है। ऐसे में उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने कहा है कि रोहित के ऊपर उनके साथ 130 करोड़ देशवासियों को खुश करने की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि रोहित शर्मा के पास बचपन से ही ज्यादा समय रहता था और वह आसानी से पुल शॉट खेल पाते थे।
रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा कि भारत के जीतने की संभावना 100 फीसदी से भी ज्यादा है, क्योंकि भारत के सभी खिलाड़ी शानदार खेल दिखा रहे हैं। भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत पावरप्ले में तीन बार बार 90 से ज्यादा और दो बार 80 से ज्यादा का स्कोर बना चुका है। इससे अगले 40 ओवर में बल्लेबाजी आसान हो जाती है और भारत आसानी से 300 से ज्यादा रन बना लेता है।
रोहित की मानसिकता को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी सकारात्मक सोच सफलता की सबसे बड़ी वजह है। वह शुरुआत से ही ऐसा सोचते हैं कि उन्हें खेलना है, खेलेंगे तो जीतेंगे। इसके अलावा वह हर खिलाड़ी से उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना जानते हैं। हर खिलाड़ी की अच्छे प्रदर्शन के लिए रोहित जिम्मेदार हैं।
दिनेश लाड ने रोहित शर्मा को ऐसा कप्तान बताया जो खिलाड़ियों का उस्ताहवर्धन करने में माहिर है। लाड के अनुसार रोहित खिलाड़ियों से कहते हैं कि यह तेरा काम है और तुझे ही करना है। इससे खिलाड़ी के अंदर आत्मविश्वास आता है। उन्होंने कहा कि जब से रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं, तब से उनकी कोई बात नहीं होती। उनके लिए यही संदेश है कि वह अपने खेल का मजा लेते रहें।
उन्होंने आगे कहा कि रोहित की बल्लेबाजी का सबसे अहम पहलू सीधे बल्ले से खेलना है। वह हर गेंद को बल्ले के बीच से खेलते हैं। वह गेंद की लेंथ जल्दी पहचान लेते हैं। ये उनके अंदर पहले से है। ये किसी ने नहीं सिखाया। उन्होंने खुद पर विश्वास की वजह से सब कुछ हासिल किया है। दिनेश ने वानखेड़े को स्पोर्टिंग विकेट बताया और कहा कि यहां सबके लिए कुछ न कुछ है। उन्होंने सलाह दी कि भारत को न्यूजीलैंड को लेकर दबाव में नहीं आना चाहिए। हमने सबके खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में हम आसानी से जीत सकते हैं। बस हमें दबाव में आने से बचना होगा।
फाइनल को लेकर उन्होंने कहा कि फाइनल में जो भी आए हम उसे हराकर विश्व कप जीतेंगे। हमारी गेंदबाजी भी शानदार है और पांच गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। गेंदबाजी के छठे विकल्प को लेकर उन्होंने कहा कि भारत को इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।
दिनेश ने कहा कि मौजूदा टीम को भारत की ऑल टाइम बेस्ट टीम नहीं कह सकते, लेकिन तेज गेंदबाजी के हिसाब से यह सबसे संतुलित टीम है। गेंदबाजों के हिसाब से यह हमारी बेस्ट टीम कही जा सकती है। रोहित के लिए उन्होंने कहा कि शायद यह उनका आखिरी विश्व कप हो सकता है। "जहां पर तुमने क्रिकेट की शुरुआत की वहीं खेलने जा रहा है, मेरे साथ 130 करोड़ देशवासियों को तुझे खुश करना है।"