पाकिस्तान आज जहां दक्षिण अफ्रीका में पहली बार वनडे सीरीज जीतने के लिए उतरेगा वहीं यह अफ्रीकी टीम भी एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम करेगी।
तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज पोर्ट एलिजाबेथ के सेंट जार्ज पार्क में खेला जाएगा। इस मैच के साथ ही दक्षिण अफ्रीका वनडे क्रिकेट में अपने 500 मैच खेलने का कारनामा कर लेगा। अफ्रीकी टीम के लिए यह मैदान बेहद ऐतिहासिक रहा है उसने अपने घर में पहला टेस्ट मैच यहीं पर खेला था।
दक्षिण अफ्रीका ने 22 वर्ष 16 दिन पहले अपना पहला वनडे खेला था और यह मैच भी पाकिस्तान के खिलाफ ही था। उस मैच में इस अफ्रीकी टीम को 23 रन से हार का मुंह देखना पड़ा था।
बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ यहां में दूसरे वनडे में उतरने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका 500 वनडे मैच पूरे कर लेगा। दक्षिण अफ्रीका को पहले वनडे में पाकिस्तान से 23 रन से पराजय झेलनी पडी थी।
पहली बार सीरीज जीत के करीब पाक
मिस्बाह उल हक की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम अगर यह मैच जीत लेती है तो दक्षिण अफ्रीका में वह पहली बार वनडे सीरीज अपने नाम करेगी।
जबकि दक्षिण अफ्रीका अपने ऐतिहासिक मैच में जीत हासिल करने के साथ ही सीरीज को 1-1 से बराबरी पर लाने की कोशिश करेगी।
दक्षिण अफ्रीका वनडे इतिहास में 500 मैच खेलने वाला आठवां देश बनेगा। दक्षिण अफ्रीका ने अपने 499 वनडे में 307 मैच जीते जबकि 173 में हारे हैं। छह मुकाबले टाई रहे और 13 में कोई परिणाम नहीं निकला है।
सबसे ज्यादा वनडे भारत के नाम
भारत ने सबसे ज्यादा 840 वनडे मैच खेले हैं। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया का नंबर है जिसने 825 मैच खेले हैं। पाकिस्तान ने 805, वेस्टइंडीज ने 704, श्रीलंका ने 701, न्यूजीलैंड ने 647 और इंग्लैंड ने 608 वनडे मैच खेले हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने सबसे ज्यादा 80 मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले हैं। उसने पाकिस्तान के खिलाफ 69, भारत के खिलाफ 67, न्यूजीलैंड के खिलाफ 58, श्रीलंका के खिलाफ 56, वेस्टइंडीज के खिलाफ 52 और इंग्लैंड के खिलाफ 51 मुकाबले खेले हैं।
दक्षिण अफ्रीका और पाक टीम के बीच 2013 में 12 वनडे पहले ही खेले जा चुके हैं और इस सीरीज की समाप्ति के बाद यह संख्या 14 पहुंच जाएगी। शनिवार को सीरीज का तीसरा मैच खेलने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक साल मे सबसे ज्यादा 14 मैच खेलने का रिकॉर्ड पाक टीम के नाम दर्ज हो जाएगा।
इस सीरीज से पहले दक्षिण अफ्रीका ने यूएई में पाकिस्तान से पांच मैचों की सीरीज 4-1 से जीती थी।
एलिजाबेथ में अफ्रीकी टीम का दबदबा
दक्षिण अफ्रीका ने पोर्ट एलिजाबेथ के इस मैदान पर 27 वनडे खेले जिसमें 18 में जीते हैं। वह आखिरी बार इस मैदान पर नवंबर 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ हारा था। हालांकि उसके बाद से इस मैदान पर दो ही मैच खेले गए हैं।
पाकिस्तान के नाम इस मैदान पर एक वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। दिसंबर 2002 में उसने छह विकेट पर 335 रन बनाए थे और यह मैच 182 रनों से जीता था।