न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में करारी शिकस्त देकर दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। हालांकि दूसरे मैच से पहले उसे टीम में एक बड़ा बदलाव करना पड़ा है। दुनिया के तीसरे नंबर के न्यूजीलैंड के स्टार तेज गेंदबाज नील वैग्नर चोटिल होकर बाहर हो गए हैं, ऐसे में उनकी जगह पर मैट हेनरी को टीम में शामिल किया गया है।
दोनों टीमों के बीच अब सीरीज का अगला मुकाबला रविवार से क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में खेला जाएगा। उधर पैर की उंगलियों में फ्रैक्चर होने की वजह से वैग्नर को छह हफ्ते तक बाहर रहना पड़ सकता है। उन्हें बे ओवल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में चोट लगी थी।
वहीं बात करें हेनरी की तो 29 वर्षीय गेंदबाज की तो उन्होंने अभी तक 12 मैच खेले हैं जिसमें 30 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी में भी उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है। हेनरी को उनके पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ किए गए प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने दिसंबर में तब 53 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए थे।
दूसरे टेस्ट के लिए न्यूजीलैंड टीम:
केन विलियमसन (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, ट्रेंट बोल्ट, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लाथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, मिशेल सेंटनर, टिम साउदी, रॉस टेलर, बीजे वाटलिंग, विल यंग।