बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। शानदार बल्लेबाजी और उसके बाद इबादत हुसैन की धारदार गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश की टीम इतिहास रचने के करीब पहुंच गई है। इबादत ने दूसरी पारी में चार विकेट झटककर को बांग्लादेश को विश्व टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत के करीब पहुंचा दिया।
बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 458 रन बनाकर न्यूजीलैंड की पहली पारी के आधार पर 130 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद इबादत ने कहर बरपाया और मैच के चौथे दिन की समाप्ति पर न्यूजीलैंड की दूसरी पारी का स्कोर पांच विकेट पर 147 रन कर दिया। पहली पारी में 328 रन बनाने वाले न्यूजीलैंड को इस तरह से केवल 17 रन की बढ़त मिली है।
इबादत (39 रन देकर चार विकेट) ने पहली पारी में शतक जड़ने वाले डेवोन कॉन्वे (13) को आउट करने के बाद विल यंग (69), हेनरी निकोल्स (शून्य) और टॉम ब्लंडेल (शून्य) को छह गेंदों के अंदर पवेलियन भेजकर बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की उम्मीद अब अनुभवी रोस टेलर पर टिकी है जो 37 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर खड़े रचिन रविंद्र ने छह रन बनाकर टिके हुए हैं।
बांग्लादेश ने इससे पहले तीनों प्रारूपों में न्यूजीलैंड में जो 34 मैच खेले हैं उनमें से उसे सिर्फ एक मैच (स्कॉटलैंड के खिलाफ) जीत मिली है। इस मैच में भी अनुभवी शाकिब अल हसन, तमीम इकबाल और महमुदुल्लाह की अनुपस्थिति में उसकी जीत की उम्मीद नहीं की जा रही थी। लेकिन बांग्लादेश ने पहले न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोका और फिर कप्तान मोमिनुल हक (88), लिटन दास (86), महमूदुल हसन जॉय (78) और नजमुल हुसैन शान्तो (64) के अर्धशतकों की मदद से बड़ी बढ़त हासिल की।
बांग्लादेश ने सुबह छह विकेट पर 401 रन से आगे खेलना शुरू किया जिसके बाद मेहदी हसन (47) और यासिर अली (26) ने मिलकर स्कोर में 57 रन और जोड़े। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने चार, नील वैगनर ने तीन और टिम साउदी ने दो विकेट लिये।