न्यूजीलैंड के बल्लेबाज विस्फोटक बल्लेबाजी के पर्याय बनते जा रहे हैं। यही कारण है कि टी-20 में उनका सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड महज 20 मिनट में टूट गया। किवी टीम में कप्तान ब्रैंडन मैकुलम, मार्टिन गुप्टिल, केन विलियम्सन ऐसे नाम हैं जो क्रिकेट की तीनों विधाओं में न सिर्फ लगातार रन बना रहे हैं बल्कि नए रिकॉर्ड भी बना रहे हैं। इनमें इस समय सबसे आगे चल रहा है गुप्टिल का नाम।
मेजबान टीम के सलामी बल्लेबाज गुप्टिल ने ऑकलैंड में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे टी-20 मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का रिकॉर्ड बनाया, लेकिन आउट होने के बाद उनके पवेलियन में जाकर बैठे 4 ओवर भी नहीं फेंके गए थे कि उनका यह रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया टीम के ही एक उभरते बल्लेबाज कोलिन मुनरो के बल्ले से।
कार्यवाहक कप्तान केन विलियम्सन के साथ पारी की शुरुआत करने आए गुप्टिल ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में फिफ्टी ठोंक दी, लेकिन उनके आउट होने के बाद मुनरो ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक लगाते हुए टीम के लिए 20 मिनट में ही सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम कर लिया। गुप्टिल ने अपनी विस्फोटक पारी में 25 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के से 63 रन बनाए जबकि मुनरो ने 14 गेंदों में 1 चौका और 7 छक्के से नाबाद 50 रन बनाए और टीम को 10वें ओवर में ही 9 विकेट से जीत दिला दी।