न्यूजीलैंड ने आखिरकार पाकिस्तान से 5 मैचों की वनडे सीरीज पर 3-2 से कब्जा जमा लिया है। सीरीज के पांचवें और निर्णायक मैच में किवी टीम ने 68 से पाक को हराया।
अबू धाबी में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 275 रन बनाए। उसकी ओर से कार्यवाहक कप्तान केन विलियम्सन ने 97 रनों की पारी खेली। जबकि रॉस टेलर 88 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा डीन ब्राउलीन ने 34 रनों का योगदान दिया।
पाक की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान ने 2 और जुल्फिकार बाबर तथा शाहिद अफरीदी ने 1-1 विकेट झटके।
जवाब में पाक को बेहद खराब शुरुआत मिली और शुरुआती ओवर में ही नसीर जमशेद (0) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद अनुभवी यूनुस खान 12 रन बनाकर आउट हो गए। हैरिस सुहैल को छोड़कर अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज नहीं टिके रह सका। उन्होंने अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 65 रन बनाए।
मैट हेनरी ने 30 रन देकर पाक के 5 विकेट झटके। यह सीरीज किवी टीम के लिए बेहद खास रही क्योंकि वह पहली बार केन की कप्तानी में कोई सीरीज खेल रही थी।
पाकिस्तान के लिए यूएई में उसकी घरेलू सीरीज बेहद निराशाजनक साबित हुई। उसे टेस्ट और ट्वंटी-20 सीरीज को बराबरी पर खत्म करने के बाद न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। जबकि इससे पहले उसने इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराया था। वनडे सीरीज में पाक की कमान शाहिद अफरीदी के हाथों में थी लेकिन वह भी जीत नहीं दिला सके।