ऐसा कम ही होता है जब ऑस्ट्रेलिया और भारत की किसी टीम के बीच क्रिकेट मैच चल रहा हो, दर्शक हंसी से लोटपोट हो जाएं। मगर जल्द ही एक ऑस्ट्रेलियाई कॉमेडी फिल्म भारतीय दर्शकों को अपनी ‘गुगली’ से क्लीन बोल्ड कर देने को तैयार है।
क्रिकेट बैकग्राउंड पर आधारित फिल्म ‘सेव यूअर लेग्स’ को मुंबई फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जाएगा। फिल्म ऐसे दोस्तों की कहानी है, जो क्रिकेट की दुनिया के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से मिलने के लिए मेलबर्न की एक डी ग्रेड टीम तैयार कर भारत आते हैं। फिल्म की शूटिंग मेलबर्न, कोलकाता, वाराणसी और मुंबई में हुई है। मुंबई फिल्म फेस्टिवल में रविवार को यह फिल्म दिखाई जाएगी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया और बॉलीवुड की कई फिल्मी हस्तियां मौजूद होंगी।
ऑस्ट्रेलियाई डिप्टी हाई कमीशन के सूत्रों का कहना है कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। 2005 में इसी तरह की एक टीम भारत में क्रिकेट सीरीज खेलने आई थी। माना जाता है कि आस्ट्रेलिया और भारत में काफी कुछ समान है। दोनों ही देशों में क्रिकेट के प्रति दीवानगी हद तक है। क्रिकेट के मैदान पर दोनों देशों की टीमों के बीच जो जबरदस्त प्रतिद्वंद्विता है, उस रोमांच को दोनों देशों के खेलप्रेमी भी महसूस करते हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि क्रिकेट के जरिए हम भारतीय दर्शकों के करीब आने भी कोशिश करना चाहते हैं और उन्हें अपने देश के बारे में समझाना चाहते हैं। यह फिल्म हमारे बीच की काफी सारी समानताएं दिखाएगी। क्रिकेट से लेकर कॉमेडी तक और दोस्ती से लेकर फिल्मों तक हम एक जैसे हैं। इसके अलावा वियतनाम युद्ध पर आधारित आस्ट्रेलियाई फिल्म ‘द सफायर्स’ भी दिखाई जाएगी।
‘सेव यूअर लेग्स’ फिल्म का निर्देशन बॉयड हिकलीन ने किया है और इसके निर्माता रोबिन कर्शा और निक बैटजियास हैं। कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जो खिलाड़ियों की बढ़ती उम्र के चलते अपनी क्रिकेट टीम को टूटने देने को स्वीकार नहीं करता है। वह भारत जाकर अपने हीरो सचिन तेंदुलकर से मिलना चाहता है और इसके लिए भारत में तीन मैचों की सीरीज की योजना बनाता है।
फिल्म की कहानी 30 की उम्र पार कर चुके कुछ दोस्तों और स्थानीय मेलबर्न क्रिकेट क्लब के इर्द-गिर्द घूमती है। स्टीवन करी, ब्रेंडन कॉवेल, डामोन गामेयू और पल्लवी शारदा फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा अंपायर की भूमिका में न्यूजीलैंड के महान ऑलराउंडर सर रिचर्ड हेडली भी नजर आएंगे।