टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। लेकिन लोगों की प्रतिक्रियाओं का दौर अभी जारी है। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने मंगलवार को कहा कि दो बार के विश्व कप विजेता कप्तान धोनी के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हासिल करने लिए कुछ नहीं बचा था। श्रीनिवासन ने यह भी कहा कि धोनी के संन्यास से एक ‘युग का अंत’ हो गया।
श्रीनिवासन ने पीटीआई से कहा, ‘जब धोनी कहते हैं कि वह संन्यास ले रहे हैं तो यह एक युग के खत्म होने जैसा है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में टी-20 विश्व कप जीता, 2011 में विश्व कप हासिल किया। इसके अलाव चैम्पियंस ट्राफी की सफलता भी है। वह एक उत्कृष्ट कप्तान, एक शानदार विकेटकीपर, एक आक्रामक बल्लेबाज रहे है। एक ऐसा खिलाड़ी जिसने पूरी टीम को प्रेरित किया।’
उन्होंने कहा, ‘उसके लिए हासिल करने के लिए और क्या बचा था? हर खेलप्रेमी जानता है कि किसी समय वह संन्यास की घोषणा करेंगे। मुझे दुख है कि वह फिर से भारत के लिए मैदान में नहीं उतरेंगे, लेकिन इस बात की खुशी है कि वह चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के लिए खेलना जारी रखेंगे।’ श्रीनिवासन ने कहा, ‘वह क्रिकेट के मैदान में दिखेंगे। सीएसके अब वैश्विक ब्रांड है। लोग इस बात को लेकर खुश होंगे कि वह उनके कौशल को मैदान पर देख सकेंगे।’
बता दें कि श्रीनिवासन ‘इंडिया सीमेंट्स’ के प्रमुख हैं, जिनके पास 2008 से 2014 तक सीएसके का स्वामित्व था। जब उनसे पूछा गया कि धोनी कब तब खेलेंगे तो उन्होंने कहा, ‘मैं चाहूंगा कि वह हमेशा खेलें।’