पाकिस्तान टीम के करीब पांच साल बाद भारत दौरे के बाद अब सभी की निगाहें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाक खिलाड़ियों के खेलने पर लग गई हैं। लेकिन आईपीएल के चेयरमैन और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का कहना है कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
सुधरते संबंधों की ओर दूसरा कदम
यहां इंग्लैंड और दिल्ली के बीच अभ्यास मैच देखने के लिए आए राजीव शुक्ला ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुई सीरीज दोनों देशों के बीच सुधरते संबंधों की ओर दूसरा कदम है। इससे पहले, 2012 में चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 में हमने पाकिस्तान की घरेलू टीम सियालकोट को शामिल करके इस दिशा में पहला कदम उठाया था। लेकिन जहां तक पाक खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने की बात है तो अभी इस बारे में कोई विचार विमर्श नहीं किया गया है। इस बारे में कोई भी फैसला फ्रेंचाइजियों और सरकार से बातचीत के बाद ही लिया जाएगा।
सुरक्षा की गारंटी के बाद ही पाक दौरा संभव
भविष्य में भारतीय टीम के पाकिस्तान दौरे पर जाने के बारे में राजीव शुक्ला ने कहा कि जब तक पीसीबी अपने यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं करती, ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘बीसीसीआई की पॉलिसी तटस्थ स्थान पर खेलने की नहीं है। या तो हम पाकिस्तान में खेलेंगे या भारत में। हमने पीसीबी से कहा है कि वह अपने यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, जिससे सभी देशों की टीमें वहां जाकर खेल सके और उनपर आतंकवादी या किसी भी प्रकार का हमला न हो। एक बार वह सुरक्षा की गारंटी दे तो सभी देश वहां खेलना शुरू कर देंगे।’
यूपीसीए के हवाले हो ग्रीन पार्क
हाल ही में उत्तर प्रदेश के ग्रीन पार्क स्टेडियम से भारत और आस्ट्रेलिया टेस्ट मैच छीने जाने पर राजीव शुक्ला ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और तैयारियां पूरी न होने के कारण ऐसा हुआ। उन्होंने कहा कि हम पिछले काफी समय से राज्य सरकार से बातचीत कर रहे हैं कि वह ग्रीन पार्क स्टेडियम उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को लीज पर दें ताकि हम उसकी अच्छी तरह से देखभाल कर सके। यदि वे ऐसा नहीं कर सकते तो हमें राज्य में नया स्टेडियम बनाने के लिए जमीन मुहैया कराए। हम नया स्टेडियम भी बना सकते हैं।