बीसीसीआई के उपाध्यक्ष निरंजन शाह ने भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर रूसी फ्रामरोज सुरती के निधन पर शोक जताया है। सुरती का संक्षिप्त बीमारी के बाद मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया।
सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के भी सचिव शाह ने कहा, ‘उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह शानदार आलराउंडर थे। उन्हें उनकी आलराउंड क्षमता के लिए जाना जाता था और वह जिस भी टीम के लिए खेले उसके लिए प्रभावी साबित हुए। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के फील्डिंग विभाग में एक नया मानक स्थापित किया। यह क्रिकेट की दुनिया को बड़ा नुकसान है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में सुरती ने दिसंबर 1960 में पाकिस्तान के खिलाफ पदार्पण किया और अपना 26वां और अंतिम टेस्ट भी नवंबर 1969 में बिल लारी की ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के इसी स्टेडियम में खेला। वह 1960 में दशक में दिवंगत मंसूर अली खान पटौदी की अगुआई वाली टीम के अहम सदस्य थे और उन्होंने 1962 में कांट्रैक्टर की अगुआई में वेस्ट इंडीज का दौरा किया।