महेंद्र सिंह धोनी की टीम राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस भले ही इस बार आईपीएल में कोई कमाल नहीं दिखा पाई और उसकी लीग से विदाई बहुत पहले ही हो गई हो, लेकिन इस टीम के साथ एक अनोखा संयोग रहा।
पुणे और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच विशाखापत्नम में खेले गए टूर्नामेंट के 49वें मैच में बारिश ने खलल डाल दिया। इसके बाद मैच जब शुरू हुआ तो डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर पुणे ने 19 रन से जीत हासिल कर ली।
पुणे के लिए यह चौथी जीत कुछ हद तक लाज बचाने के लिए पर्याप्त नजर आए, लेकिन इसने दिल्ली की संभावनाओं पर पानी डाल दिया। दिल्ली को प्लेऑफ में अपनी संभावनाओं को बनाए रखने के लिए इस मैच को जीतना था, ऐसा हो नहीं सका।
दूसरी ओर, आईपीएल-9 में पुणे की टीम के साथ एक अनोखा संयोग हुआ कि जब भी किसी मैच में बारिश ने खलल डाली तो हर बार पुणे की टीम मैदान पर थी।
टूर्नामेंट के 22वें मैच में बारिश ने पहली बार बाधा डाली। यह मैच हैदराबाद में पुणे और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया जिसमें भी जीत पुणे की टीम को ही मिली।
इसके बाद 45वें मैच में भी बारिश की धमक रही जिसमें पुणे की टीम के सामने थी कोलकाता नाइटराइडर्स। कोलकाता के ईडन गार्डंस में भारी बारिश के बाद मैच शुरू हुआ तो इस बार बाजी कोलकाता की टीम के हाथ लगी जिसमें वह 8 विकेट से जीत गई। और अब 49वें मैच में बारिश ने बाधा डाली तो पुणे की टीम मैदान पर थी।
अब देखना दिलचस्प है कि प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुके पुणे की टीम के बाद निर्णायक दौर के मुकाबले में बारिश होती है या नहीं।