भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज और लखनऊ सुपर जाएंट्स के नवनियुक्त कप्तान ऋषभ पंत ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व की जमकर सराहना की है। पंत को लखनऊ फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2025 के लिए अपना कप्तान नियुक्त किया है। विराट कोहली के नेतृत्व में 2017 में डेब्यू करने वाले पंत महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में खेल चुके हैं।
लखनऊ का कप्तान बनने के बाद पंत ने कहा, हां, मैंने कई कप्तानों से और मेरे कई सीनियर से सीखा है। मुझे ऐसा लगता है कि आप सिर्फ अपने कप्तान से ही नहीं सीख सकते। कई सीनियर खिलाड़ी होते हैं जिन्हें खेल का अनुभव होता है कि किस तरह खेल आगे बढ़ता है। ऐसी कई चीजें हैं जो आप सभी सीनियर से सीख सकते हैं, लेकिन कप्तान से ही नहीं।
कप्तानी को लेकर क्या बोले पंत?
रोहित के नेतृत्व में अपने अनुभव से प्रेरणा लेते हुए, पंत ने एक टीम की कप्तानी करते समय खिलाड़ियों की देखभाल और विश्वास के महत्व पर राय रखी। उन्होंने कहा, बहुत विशिष्ट होना कठिन है। रोहित भाई से मैंने सीखा है कि एक खिलाड़ी की देखभाल कैसे करनी है और जब मैं किसी टीम की कप्तानी करता हूं तो एक कप्तान के रूप में मुझे भी ऐसा ही महसूस होता है। मेरा मानना है कि अगर किसी खिलाड़ी पर भरोसा दिखाते हो तो वह ऐसी चीज करता है जो आपने सोची भी नहीं होगी। इसी तरह की विचारधारा रखना मैं पसंद करता हूं। मैं अपने खिलाड़ियों का समर्थन करूंगा और कोशिश करूंगा कि उन पर भरोसा किया जाएगा। हमारे बीच स्पष्ट संवाद होगा।
आईपीएल नीलामी में सर्वाधिक कीमत पर बिके थे पंत
पंत आईपीएल नीलामी इतिहास में सबसे ज्यादा कीमत पर बिकने वाले खिलाड़ी बने थे। लखनऊ ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। पंत पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते थे। उन्होंने पिछले सीजन 446 रन बनाए थे, लेकिन उनकी टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी थी और छठे स्थान पर रही थी। 2016 के बाद पहली बार होगा जब पंत आईपीएल में किसी अन्य टीम के लिए खेलते दिखेंगे।
पंत के नेतृत्व का एक पहलू कभी न हार मानने वाला रवैया होगा। पंत ने कहा, एक चीज है कभी हार नहीं मानने वाला रवैया। आप अंतिम गेंद तक लड़ो और यह ऐसी चीज है जिसका स्मरण मैं हमेशा करता हूं। प्रदर्शन आता-जाता रहता है, लेकिन क्या आपने लड़ने का जज्बा दिखाया? जब आप मैदान पर थे तो आपने 100 प्रतिशत दिया था? यह ऐसी चीज है जो एक व्यक्ति के नियंत्रण में है।