इसे कहते हैं खेल में उतार-चढ़ाव आना। मैच के पहले दिन बल्लेबाजों ने जहां रनों की बारिश कर डाली तो दूसरे दिन कुछ ऐसा हुआ रनों का सूखा ही पड़ गया। बल्लेबाज अगले दिन शुरुआती दिन के बनाए स्कोर की तुलना में आधा ही स्कोर कर सके।
ड्यूडिन में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मेहमान श्रीलंकाई टीम के बल्लेबाज 4 विकेट पर 197 रन ही बना सके। दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका के लिए ओपनर दिमुथ करुणारत्ने ने 84 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा दिनेश चंडीमल नाबाद 83 रनों पर खेल रहे हैं। मेजबान गेंदबाजों का सामना करने में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि इन दोनों के अलावा अन्य बल्लेबाज टीम के लिए बड़ा योगदान नहीं कर सके। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। खराब शुरुआत के कारण श्रीलंका की बल्लेबाजी बेहद धीमी रही और वे दिनभर बल्लेबाजी के दौरान 197 रन ही बना पाए। श्रीलंका के गिरे सभी विकेट विकेटकीपर वाटलिंग ने लपके। टीम ने 81 ओवर में 2.43 की औसत से रन बनाए। जबकि पहले दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 4.54 की औसत से रन बनाए थे।