भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम एक बेहतर भारतीय टीम से खिताबी मुकाबला हारी है। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 252 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन भारतीय टीम ने एक ओवर शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम किया और 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता।
रोहित की शानदार पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवाकर 50 ओवर में 251 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 76 रन बनाकर भारत को मुश्किल से निकाला। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और शुभमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की थी। भारत को 19वें ओवर में पहला झटका लगा। शुभमन गिल 50 गेंद में एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। भारत को इसके बाद एक रन के अंतराल पर दो बड़े झटके लगे। माइकल ब्रेसवेल ने विराट कोहली को एल्बीडब्ल्यू आउट किया जो एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित और श्रेयस ने संभाला।
सैंटनर ने मैच के बाद कहा, यह अच्छा टूर्नामेंट था। हमें कड़ी चुनौती मिली और हम आज एक बेहतर टीम से हारे। सभी ने टूर्नामेंट में योगदान दिया और अलग-अलग समय में अपनी भूमिका निभाई। हमने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन पावरप्ले में कुछ विकेट गंवा दिए। उनके स्पिनरों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। वे विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। हम 20-25 रन पीछे रह गए।
कीवी कप्तान ने फिलिप्स के सराहा
उन्होंने शानदार कैच लपकने वाले ग्लेन फिलिप्स की तारीफ की और भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की प्रशंसा किए बिना भी नहीं रह सके। सैंटनर ने कहा, फिलिप्स ऐसा करता रहता है। रोहित और गिल ने अच्छी शुरुआत की। रोहित ने उम्दा पारी खेली। हम जानते थे कि मैच का रुख तुरंत पलट सकता है और ऐसा ही हुआ।