ओशेनिया क्षेत्र से एकमात्र प्रतिनिधि के तौर पर नामांकित किए जाने के बाद न्यूजीलैंड अगले साल भारत में होने वाले फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाला चौथा देश बन गया। वह इससे एशियाई क्वालिफायर जापान और उत्तर कोरिया के साथ शामिल हो गया जबकि भारत ने 16 टीमों में मेजबान देश के तौर पर स्वत: क्वालिफाई किया। फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप का आयोजन 17 फरवरी से सात मार्च तक किया जायेगा। पहले इस टूर्नामेंट को दो से 21 नवंबर को कराया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे अगले साल स्थगित कर दिया गया।