न्यूजीलैंड ने पहले क्रिकेट टेस्ट में पाकिस्तान को 101 रन से हराकर इस सत्र में घरेलू टेस्ट मैचों में जीत की हैट्रिक लगाई और दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढत भी बना ली, इसके साथ ही पहली बार न्यूजीलैंड टीम विश्व टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर नंबर वन टीम बन गई। पाकिस्तान ने हालांकि उसे कड़ी चुनौती दी और इस सत्र में पहली बार न्यूजीलैंड का कोई टेस्ट पांचवें दिन तक खिंचा।
आखिरी दिन सुबह ट्रेंट बोल्ट ने अजहर अली (38) को दिन की तीसरी ही गेंद पर आउट कर दिया, इसके बाद हालांकि फवाद आलम और मोहम्मद रिजवान ने न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीदों पर लगभग पानी ही फेर दिया था। दोनों ने शतकीय साझेदारी करके कीवी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। बल्लेबाजी के लिए कठिन पिच पर दोनों ने आखिरी दिन सुबह दो सत्र निकाले और ड्रॉ की उम्मीदें जगा दी थी, दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 165 रन जोड़े और पांच घंटे तक क्रीज पर डटे रहे।