कीवी टीम अपने कप्तान
केन विलियमसन की 72 रनों की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत टी20 ट्राई सीरीज का चौथा मैच जीतने में कामयाब रही। वेलिंगटन में खेले गए इस मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 196 रन बनाए। इसके जवाब में
इंग्लैंड सिर्फ 184 रन ही बना पाई और इस मैच को 12 रन से गंवा दिया। विलियमसन को उनकी आतिशी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मेहमान टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बैटिंग करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत खराब रही और ओपनर
कॉलिंग मुनरो महज 11 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद
मार्टिन गुप्टिल (65) और केन विलियमसन (72) के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। इन दोनों के आउट होने के बाद इंग्लैंड ने अंतिम ओवरों में किफायती गेंदबाजी की कीवी टीम को 196 रन पर रोकने में कामयाब रही। इंग्लैंड की तरफ से मार्क वुड और आदिल रशीद ने 2-2, जबकि क्रिस जोर्डन ने एक विकेट अपने नाम किया।
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और जेसन रॉय सिर्फ 8 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इसके बाद एलेक्स हेल्स और डेविड मलान के बीच दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद कीवी स्पिनरों ने कसी हुई गेंदबाजी की, जिसार नतीजा यह रहा कि सोढी ने हेल्स को 47 और सेंटनर ने मलान को 59 के रन पर आउट कर मैच में अपनी टीम की वापसी करवाई।
इन दोनों के आउट होने के बाद इंग्लैंड का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लोप रहा। जेम्स विन्स ने 10, कप्तान जोस बटलर ने 2 और सैम बिलिंग्स ने 12 रनों का योगदान दिया। अंत में डेविड विली (21 रन) ने टीम को मैच जिताने का प्रयास किया, लेकिन इंग्लैंड टीम 12 रन पीछे रह गई और उन्हें ट्राई सीरीज के लगातार तीसरे मुकाबले में हार का स्वाद चखना पड़ा।
टी20 ट्राई सीरीज में
न्यूजीलैंड ने अपनी पहली जीत हासिल करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर लिया है, तो इंग्लैंड 3 हार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया तीन जीत के साथ पहले स्थान पर बरकरार है। इस सीरीज का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 16 फरवरी को खेला जाएगा।