मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच वनडे मैचों की सीरीज भारतीय टीम के लिए ही नहीं बल्कि टीम में शामिल दो नए चेहरे बल्लेबाज संजू सैमसन और आलराउंडर करण शर्मा के लिए भी बड़ा इम्तहान साबित होने जा रहा है।
भारतीय क्रिकेट टीम को टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक हार के बाद वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव है। सीरीज जीतने के अलावा भारतीय टीम की निगाहें 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम का गठन करने पर भी है।
आगामी वर्ल्ड कप को देखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में केरल के प्रतिभाशाली बल्लेबाज संजू सैमसन और उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर करण शर्मा को भारतीय टीम में जगह दी गई है।
चूंकि इंग्लैंड की परिस्थितियां ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसी ही हैं इसलिए इन दोनों युवाओं पर आगामी सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी जानते हैं कि विश्व चैंपियन का ताज कायम रखने के लिए उन्हें ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो न सिर्फ तकनीकी रूप से सक्षम हों बल्कि उनमें तेजी से रन बनाने की काबिलियत भी हो।
यह दोनों ही चीजें संजू की बल्लेबाजी में दिखाई देती हैं। बल्लेबाजी के अलावा संजू एक अच्छे विकेटकीपर भी हैं। वहीं भारतीय टीम को हमेशा एक अच्छे ऑलराउंडर की कमी खली है।
इस जगह की भरपाई 26 वर्षीय करण शर्मा कर सकते हैं। करण एक बेहतरीन लेग ब्रेक गेंदबाज के अलावा आक्रामक बल्लेबाज भी हैं।