टीम इंडिया के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले मैच में जीत हासिल कर बतौर कप्तान एक और मुकाम हासिल कर लिया है।
धोनी रिकी पॉन्टिंग के बाद एकदिवसीय मैचों में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाले कप्तान बन गए हैं। इस मैच से पहले धोनी पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एलन बॉर्डर के साथ 107 जीत के साथ साझा रूप से दूसरे स्थान पर थे। लेकिन धर्मशाला में जीत दर्ज करते ही उन्होंने बतौर कप्तान 195वें मैच में 108वीं जीत हासिल की है। धोनी ने बतौर कप्तान 58.5 प्रतिशत मैचों में जीत दर्ज की है। जबकि एलन बॉर्डर ने 61.1 प्रतिशत मैचों में जीत हासिल हुई थी। बॉर्डर ने 178 मैचों में 107 मैचों में जीत हासिल की थी।
बतौर कप्तान वनडे में सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड पूर्व ऑस्ट्रलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग के नाम दर्ज है। पॉन्टिंग ने 230 वनडे मैचों में कप्तानी करते हुए 165 मैचों में जीत हासिल की है। पॉन्टिंग के रिकॉर्ड को तोड़ पाना अभी धोनी के लिए दूर की कौड़ी है।