जिस उभरते बल्लेबाज को आईपीएल की किसी भी टीम ने नहीं खरीदा उसने महज 29 गेंदों में शतक ठोक दिया।
हम यहां बात कर रहे हैं मुंबई के एक उभरते क्रिकेटर नील नार्वेकर की जिन्होंने पिछले साल आईपीएल में शामिल होने के लिए बतौर घरेलू खिलाड़ी अपना नाम भेजा था लेकिन किसी भी टीम ने इस अनजान बल्लेबाज को अपनी टीम के लिए खरीदना मुनासिब नहीं समझा। लेकिन अब इस अनजान बल्लेबाज ने अपनी जोरदार बल्लेबाजी से आखिरकार अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल कर ही ली।
इस बल्लेबाज ने महज 29 गेंदों में ही शतक ठोकने का कारनामा कर दिखाया। नील ने अपनी शतकीय पारी में चौके से दुगना छक्के लगाए। उन्होंने 6 चौके के अलावा 12 छक्के जड़े। उनकी धुआंधार पारी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहले 50 रन सिर्फ 11 गेंदों में कूट लिए।
जहां तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ते॓ज शतक का रिकॉर्ड है तो यह न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन के नाम दर्ज है। उन्होंने इस साल एक जनवरी को महज 36 गेंदों में शतक ठोका था। (फोटो-फेसबुक से)
टीम की ओर से लगे 3 शतक
पार्कोफिन क्रिकेटर्स क्लब के इस बाएं हाथ के मध्य क्रम के बल्लेबाज ने अपनी धमाकेदार पारी खेलकर अब आईपीएल टीम में शामिल होने का हक जरूर जता दिया है।
मुंबई के कांगा लीग (बी डिविजन) में खार जिमखाना क्लब के खिलाफ नील ने यह रिकॉर्ड बनाया। मुंबई के बोरीवली में रहने वाले नील मीडिया में अपनी इस पारी के बाद जबर्दस्त पहचान बनाने के बाद जश्न मनाने में जुटे हुए हैं।
उनकी रिकॉर्डतोड़ पारी के दम पर पार्कोफिन क्रिकेटर्स क्लब ने खार जिमखाना को हरा दिया। उनके अलवा पृथ्वी शॉ ने भी 78 गेंदों में 110 रनों की शतकीय पारी खेली जबकि कप्तान पराग खानपुरकर ने 110 रन बनाए।
संक्षिप्त स्कोर- खार जिमखाना टीम 349 रन पर ऑलआउट (रवि शिंदे 118, अर्जुन शेट्टी 96, अग्नि चोपड़ा 52 और महबूब शेख 32) हो गई।
जिसके जवाब में पार्कोफिन क्रिकेटर्स क्लब पहली पारी में 9 विकेट पर 492 रन (पृथ्वी शॉ 110, पराग खानपुरकर 110 और नील नार्वेकर 103, विवेट ओर्टे 7/132) बनाए। परिणाम पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर निकाला गया।