ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार से लॉर्ड्स मैदान पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। ऑस्ट्रेलियाई टीम लगातार दूसरे खिताब के लिए उतरेगी। इस खिताबी मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने कहा कि टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया की महानतम टीम में शामिल होने के लिए लगातार दूसरा डब्ल्यूटीसी खिताब जीतना अहम होगा।
गत चैंपियन के तौर पर उतरेगी ऑस्ट्रेलियाई टीम
लियोन उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा हैं जो बुधवार से लॉडर्स पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2023-25 चक्र का फाइनल खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में भारत को हराकर खिताब जीता था। लियोन ने कहा, हमने पिछले दो साल में शानदार प्रदर्शन किया है जिस पर हमे गर्व है। हम ऑस्ट्रेलिया की महान टीम बनने की राह पर हैं लेकिन अभी वहां तक पहुंचे नहीं है। यह मैच उस मंजिल तक के सफर में अहम कदम होगा।
ऑस्ट्रेलिया 2023-25 डब्ल्यूटीसी चक्र की अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर रहा था। लियोन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 18 मैचों में 56 विकेट लिए हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह मुकाबला रोमांचक होगा। उन्होंने कहा, हम पहले भी फाइनल खेल चुके हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका पहली बार खेल रहा है। उन्होंने पिछले दो साल में शानदार प्रदर्शन किया और शीर्ष पर रहने के दावेदार थे। उनसे कड़ी चुनौती मिलेगी लेकिन हम भी अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।