ईडन गार्डंस वनडे में भारत को 85 रनों से हराकर पाकिस्तान ने सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। पहले वनडे में शानदार शतक जमाने वाले नासिर जमशेद गेंदबाजों की मददगार पिच पर लगातार दूसरा सैंकड़ा जड़कर ईडन गार्डंस में हीरो बन गए। वहीं खराब फॉर्म से जूझ रहे भारतीय बल्लेबाज एक बार फिर जीरो साबित हुए।
ईडन गार्डंस की जिस पिच पर दोनों टीमों के बल्लेबाज रनों के लिए तरस रहे थे वहां नासिर जमशेद ने महज 103 गेंदों में 106 रनों की पारी खेली। 12 चौके और 2 छक्कों से सजी नासिर की इस पारी के दौरान कभी नहीं लगा कि यह गेंदबाजों की मददगार पिच है। मैन ऑफ द मैच नासिर ने दूसरे ओपनर मोहम्मद हफीज (76) के साथ मिलकर पहले विकेट लिए 141 रनों की साझेदारी की। इतनी मजबूत शुरुआत के बाद भी पाकिस्तानी टीम पूरा ओवर नहीं खेल सकी और 48.3 ओवर में 250 रनों पर ढेर हो गई।
जीरो रहे भारतीय बल्लेबाज
भारतीय बल्लेबाज ईडन गार्डंस में भी अपने फॉर्म को लेकर जूझते दिखे। शुरुआत के छह बल्लेबाज केवल 103 रनों पर पवेलियन लौट गए। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग ने एक बार फिर धोखा दिया। गंभीर 11 जबकि सहवाग 31 रन बनाकर चलते बने। क्रीज पर पांव जमा चुके सहवाग को जब टिक कर खेलने की बारी आई तो वे एक बार फिर गैरजिम्मेदार शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया। युवराज सिंह, सुरेश रैना और युवा विराट कोहली का फ्लॉप शो जारी रहा। जडेजा सहित आठ बल्लेबाजों की टीम मे से केवल महेंद्र सिंह धोनी नाबाद 54 रनों की पारी खेल सके। मैच का फुल स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें