दक्षिण अफ्रीका ने डेवॉल्ड ब्रेविस की नाबाद 75 रन की तूफानी पारी के दम पर जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराकर त्रिकोणीय सीरीज में पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका के दो अंक हो गए हैं और वह बेहतर नेट रनरेट के कारण अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।
नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही टी20 त्रिकोणीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे को सात विकेट से हरा दिया। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 144 रन बनाए, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने डेवॉल्ड ब्रेविस की तूफानी पारी के दम पर 13.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
ब्रेविस का शानदार प्रदर्शन
ब्रेविस ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए। उनकी पारी में कई शानदार छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से डुआन यानसेन ने गेंद से कमाल किया और 45 रन देकर तीन विकेट झटके। प्रेनेलन सबरायेन को दो विकेट मिले।
अच्छी शुरुआत के बाद बिखरा जिम्बाब्वे
इससे पहले जिम्बाब्वे ने अच्छी शुरुआत की थी। बेन करन और ब्रायन बेनेट ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। करन ने 24 रन बनाए, जबकि बेनेट ने 34 रन की पारी खेली। एक समय जिम्बाब्वे 10 ओवर में 76 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाकर अच्छी स्थिति में था, लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने शिकंजा कस दिया। जिम्बाब्वे ने अगले चरण में तेजी से विकेट गंवाए और बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहा।
विज्ञापन
अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका की स्थिति मजबूत
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका के दो मैचों में दो अंक हो गए हैं। टीम एक जीत और एक हार के साथ 0.969 के नेट रनरेट के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। नामीबिया भी दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि जिम्बाब्वे अपने एकमात्र मैच में हार के बाद अभी खाता नहीं खोल सका है। सोमवार को नामीबिया और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे।