नामीबिया के ऑलराउंडर गेहार्ड एरासमस को आईसीसी के सदस्य देशों का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। एरासमस ने पिछले साल बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था जिससे नामीबिया ने कई यादगार जीत दर्ज की थी। एरासमस ने नेपाल के खिलाफ आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग -2 के ओपनिंग में पांच विकेट लिए थे।
एरासमस ने 8.1 ओवर में 28 रन देकर पांच विकेट लिए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। नामीबिया ने यह मुकाबला चार विकेट से जीता था। उन्होंने टूर्नामेंट के तीसरे मैच में नेपाल के खिलाफ अर्धशतक भी जड़ा था। उन्होंने 56 गेंदों पर 52 रन बनाए और टीम को दो विकेट से मिली जीत में अहम योगदान दिया था। यहां से एरासमस ने पूरे साल टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया जिस कारण वह इस अवॉर्ड की दौड़ में अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों से आगे निकल गए।
एरासमस का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 में आया जब उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ अपनी टीम के महत्वपूर्ण ग्रुप बी मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 31 गेंदों पर 52 रन बनाए जिससे उनकी टीम नौ विकेट पर 155 रन बनाने में सफल रही। इसके बाद एरासमस ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए। हालांकि, उनका ऑलराउंड प्रदर्शन भी टीम के काम नहीं आ सका क्योंकि स्कॉटलैंड ने यह मुकाबला पांच विकेट से जीता।
इससे पहले, भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को आईसीसी के 2024 के सर्वश्रेष्ठ पुरुष टी20 खिलाड़ी चुना गया था। अर्शदीप ने पिछले साल अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अर्शदीप हाल ही में टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बने थे।