नामीबिया और ओमान के बीच बारबाडोस में खेला गया टी20 विश्व कप के ग्रुप-बी चरण का मुकाबला सुपर ओवर में जाकर समाप्त हुआ। टूर्नामेंट को शुरू हुए अभी सिर्फ दो ही दिन हुए हैं, लेकिन सिर्फ तीसरे मैच में ही फैंस को सुपर ओवर का मजा देखने मिला। ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 109 रन बनाए थे, लेकिन नामीबिया की टीम 20 ओवर बाद छह विकेट पर 109 रन ही बना सकी और मैच टाई रहा। इसके बाद मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये किया गया जहां डेविड विसी ने कप्तान गेरहार्ड एरासमस के साथ मिलकर तूफानी बल्लेबाजी की और जीत दर्ज की। करीब 12 साल बाद इस वैश्विक टूर्नामेंट में किसी मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये निकला है।
सुपर ओवर का रोमांच
नामीबिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए पांच रनों की जरूरत थी और उसके छह विकेट शेष थे। ओमान के लिए मेहरार खान गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने सिर्फ चार ही रन दिए, जबकि दो विकेट भी झटके। नामीबिया को जीत के लिए एक गेंद पर दो रन चाहिए थे। विसी गेंद मिस कर गए और गेंद विकेटकीपर के पास गई। विसी एक रन लेने के लिए दौड़े और विकेटकीपर से रन आउट मिस हो गया। इस तरह 20 ओवर की समाप्ति के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर रहा। नामीबिया के बल्लेबाज डेविड विसी और कप्तान एरासमस ने ओमान के खिलाफ सुपर ओवर में 21 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाज बिलाल खान की ओवर से जमकर रन लुटाए।
विसी ने बिलाल की पहली गेंद पर चौका जड़ा, जबकि दूसरी गेंद को छक्के के लिए भेजा। तीसरी गेंद पर दो रन चुराए और चौथी गेंद पर सिंगल लिया। इसके बाद एरासमस ने पांचवीं गेंद पर चौका लगाया और आखिरी गेंद को छक्के के लिए भेजा। नामीबिया के लिए सुपर ओवर में विसी ने 13 रन बनाए, जबकि एरासमस ने आठ रनों का योगदान दिया। इसके बाद इस लक्ष्य का बचाव करने के लिए भी कप्तान ने विसी पर भरोसा जताया। विसी ने सिर्फ 10 रन ही दिए और एक विकेट भी झटका।
अब तक चार मुकाबले रहे हैं टाई
टी20 विश्व कप में अब तक चार बार मुकाबला टाई रहा है, लेकिन सिर्फ तीन ही मौकों पर सुपर ओवर के जरिये मैच का निर्णय निकला है। भारत और पाकिस्तान के बीच 2007 में ग्रुप चरण का मुकाबला टाई समाप्त हुआ था और इस मैच का नतीजा बॉल आउट के जरिये निकला था। इसमें दोनों टीमों के छह गेंदबाजों को छह गेंदें विकेट पर डालनी थी और भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की तुलना में ज्यादा बार स्टंप पर गेंद फेंकी और यह मुकाबला जीता। टी20 विश्व कप में तीसरी बार ऐसा हुआ जब मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये निकला। हालांकि टी20 विश्व कप में 2012 के बाद पहली बार हुआ जब किसी मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये निकला। इस मुकाबले से पहले 2012 में कैंडी में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला गया मैच का नतीजा भी सुपर ओवर के जरिये निकला था जिसमें श्रीलंका ने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 2012 में ही वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच मैच का फैसला भी सुपर ओवर के जरिये हुआ, तब वेस्टइंडीज ने वो मुकाबला अपने नाम किया था।
अंतिम ओवर का रोमांच
नामीबिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए पांच रनों की जरूरत थी और उसके छह विकेट शेष थे। ओमान के लिए मेहरार खान गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने पहली ही गेंद पर फ्रीलिंक को आउट किया जो सेट बल्लेबाज थे। इसके बाद जेन ग्रीन अगली गेंद पर रन नहीं ले सके और तीसरी गेंद पर मेहरार ने ग्रीन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। चौथी गेंद पर मलान क्रुगर ने एक रन लिया और स्ट्राइक डेविड विसी को दी। पांचवीं गेंद पर विसी ने दो रन लिए। अब टीम को जीत के लिए एक गेंद पर दो रन चाहिए थे। विसी गेंद मिस कर गए और गेंद विकेटकीपर के पास गई। विसी एक रन लेने के लिए दौड़े और विकेटकीपर से रन आउट मिस हो गया। इस तरह 20 ओवर की समाप्ति के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर रहा।