पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद ने पूर्व कप्तान वसीम अकमर और वकार यूनिस के खिलाफ उत्पीड़न और करियर को नुकसाने पहुंचाने के लिए मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने इसकी जानकारी वीडियो जारी कर दी।
अकरम और यूनिस करते थे परेशान
दरअसल, पाकिस्तान के एक टीवी शो में मुश्ताक अहमद का एक पहले से रिकॉर्ड वीडियो जारी किया गया जिसमें बांग्लादेश के कोच ने वसीम अकरम और वकार यूनिस पर आरोप लगाया कि जब वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते थे तब दोनों उनके आत्मविश्वास को दबाने की कोशिश करते थे।
35 करोड़ का लगेगा फटका
मुश्ताक ने इस दौरान पाकिस्तान के पूर्व कप्तानों पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात ही। उन्होंने बताया कि दोनों क्रिकेटर्स को नोटिस भेजा जा चुका है। मुश्ताक ने वकार यूनिस पर 20 करोड़ रुपये (पाकिस्तानी रुपये) और वसीम अकरम पर 15 करोड़ रुपये की मानहानि का केस दर्ज कराने की बात कही। उनके इस बयान के बाद वकार ने माफी भी मांगी, लेकिन अकरम ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह अब मुश्ताक को कोर्ट में ही देखेंगे।
'मैं लड़ना जानता हूं'
अपने बयान में मुश्ताक ने आरोप लगाया कि अकरम और यूनिस दोनों ने शो में उनका मजाक उड़ाया और कोच के तौर पर उनकी भूमिका को कमतर आंका। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, मेरे वकील जल्द ही उन दोनों को कानूनी नोटिस भेजेंगे। उन्होंने आगे वकार पर निजी टिप्पणी करते हुए पंजाबी में कहा, वकार यूनिस से कहो कि लड़ाई ऊंचाई से नहीं जीती जाती। मुझे मेरी ऊंचाई से मत आंको; मैं लड़ना जानता हूं।
इसके जवाब में यूनिस ने कहा, मेरे पास 200 मिलियन पाकिस्तानी रुपये नहीं हैं, इसलिए मैं अपने भाई से ईमानदारी से माफी मांगता हूं। इसके बाद उन्होंने मुश्ताक से उन्हें माफ करने का आग्रह किया और कहा, मुझे उम्मीद है कि आप अपना दिल साफ कर लेंगे और हमें माफ कर देंगे। अगर नहीं, तो हमारे पास आपसे निपटने के दूसरे तरीके हैं।
अकरम पर लगाया आत्मविश्वास को ठेस पहुंचाने का आरोप
पूर्व लेग स्पिनर ने दावा किया कि वसीम अकरम ने उनके करियर की शुरुआत में जानबूझकर उनके आत्मविश्वास को नुकसान पहुंचाया था। उन्होंने याद करते हुए कहा, वसीम मुझे अभ्यास के लिए ले जाते थे और मुझ पर बाउंसर फेंकते थे, जिससे मेरा आत्मविश्वास डगमगा गया। इसके कारण मेरा खुद पर से सारा विश्वास उठ गया। अन्यथा, मैं पाकिस्तान के सबसे महान ऑलराउंडरों में से एक हो सकता था।
इसके जवाब में अकरम ने कहा, तुम कभी नाइट वॉचमैन नहीं बनने वाले थे। हर बार जब तुम्हें भेजा गया, तो तुम डक पर आउट हो गए। इसलिए, मैं तुम्हें कोर्ट में देखूंगा।