बांग्लादेश ने एकमात्र टेस्ट में जिम्बाब्वे की टीम को एक पारी और 106 रन से हरा दिया है। ढाका में खेले गए मैच में मेजबान बांग्लादेश ने चौथे दिन ही जीत अपने नाम कर ली। मुशफिकुर रहीम के नाबाद दोहरे शतक और नईम हसन के नौ विकेटों की मदद से बांग्लादेश ने जबरदस्त खेल दिखाया और जिम्बाब्वे को वापसी का कोई भी मौका नहीं दिया।
मैच में जिम्बाबवे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान क्रेग एर्विन (107) और मस्वुरे (64) की पारियों की बदौलत पहली पारी में 265 रन बनाए। जवाब में में बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने मुशफिकुर रहीम (203), मोमिनुल हक़ (132), नजमुल हुसैन शंटो (71) और लिटन दास (53) की शानदार पारियों की मदद से छह विकेट खोकर 560 रन बनाये और 295 रन की बढ़त के साथ पारी घोषित कर दी।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी ज़िम्बाब्वे की टीम ने बांग्लादेशी स्पिन के आगे पूरी तरह से घुटने टेक दिए और 189 रन पर ही ढेर हो गई। ज़िम्बाब्वे की तरफ से कप्तान एर्विन (43) और मरुमा (41) ने सर्वाधिक रन बनाए। वहीं बांग्लादेश की तरफ से नईम हसन ने पांच और ताइजुल इस्लाम ने चार विकेट चटकाए।