मुशफिकुर रहीम (125 रन) की शानदार शतकीय पारी के दम पर बांग्लादेश ने दूसरे वन-डे में श्रीलंका को 103 रनों (डकवर्थ लुईस पद्धति) से हराकर वन-डे सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश की टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। बता दें कि बांग्लादेश ने मेहमान टीम के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज अपने नाम की।
अगर मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 246 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से मुश्फिकुर रहीम ने 127 गेंदों में 10 चौके की मदद से 125 रन की शानदार पारी खेली। मेजबान टीम के 246 रन का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 40 ओवर ओवर में नौ 9 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
बता दें कि बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम के तहत श्रीलंका को 40 ओवर में 245 रन का लक्ष्य मिला था। मेजबान टीम की तरफ से ऑफ स्पिनर मेहदी हसन और तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। उधर, श्रीलंका की तरफ से कोई भी बल्लेबाज 30 रन तक का भी आंकड़ा पार नहीं कर सका। धनुष्का गुनातिलका ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए। बता दें कि दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 28 मई को खेला जाएगा।
अंकतालिका में टॉप पर पहुंचा बांग्लादेश
वहीं, आईसीसी वनडे अंतरराष्ट्रीय सुपर लीग के ताजा प्वाइंट टेबल में बांग्लादेश पहले नंबर पर पहुंच गया है। आठ मैचों में पांच जीत के साथ उसके खाते में अब सबसे ज्यादा 50 अंक जुड़ गए हैं। इसके बाद इंग्लैंड, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खाते में भी 40-40 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट के हिसाब से फिलहाल इंग्लैंड इस अंकतालिका में दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, भारत की बात करें तो टीम छह मैचों में तीन जीत के साथ आठवें पायदान (29 अंक) पर मौजूद है।